MP News: भोपाल में 24 फरवरी को कांग्रेस की किसान की महापंचायत, ट्रेड डील को लेकर केंद्र सरकार पर हमला
सुप्रिया श्रीनेत(File Photo)
MP News: अमेरिका–भारत ट्रेड डील को लेकर कांग्रेस ने मोदी सरकार पर बड़ा हमला बोला है. कांग्रेस नेत्री सुप्रिया श्रीनेत ने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की नीतियां देश के किसानों के हितों के खिलाफ जा रही हैं और रूस से तेल संबंधों में बदलाव कर अमेरिका को लाभ पहुंचाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि यह डील किसानों, विशेषकर सोयाबीन और मक्का उत्पादक राज्यों के लिए गंभीर असर डाल सकती है.
कांग्रेस ने ऐलान किया है कि 24 तारीख को भोपाल में किसान महापंचायत आयोजित की जाएगी. इस कार्यक्रम में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे सहित कई वरिष्ठ नेता शामिल होंगे. आयोजन भोपाल के जवाहर चौक स्थित अटल पथ पर किया जाएगा, जहां बड़ी संख्या में किसानों के जुटने का दावा किया गया है.
‘ट्रंप के टैरिफ को अमेरिका की कोर्ट ने खारिज किया’
कांग्रेस का कहना है कि मध्यप्रदेश के विभिन्न किसान संगठन, प्रदेश स्तरीय किसान नेता और स्थानीय जनप्रतिनिधि इस महापंचायत में शामिल होंगे. पार्टी नेताओं के अनुसार, अमेरिका के साथ प्रस्तावित ट्रेड टैरिफ और आयात-निर्यात समझौते से भारतीय कृषि बाजार पर दबाव बढ़ सकता है. विशेष रूप से कृषि उत्पादों पर आयात शुल्क में संभावित बदलाव से घरेलू किसानों को नुकसान हो सकता है.
सुप्रिया श्रीनेत ने यह भी कहा कि अमेरिका में पूर्व राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप द्वारा लगाए गए कुछ टैरिफ को वहां की न्यायिक व्यवस्था ने खारिज किया है, जिससे यह स्पष्ट होता है कि ट्रेड टैरिफ का मुद्दा अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी विवादित रहा है. ऐसे में भारत सरकार को बिना व्यापक चर्चा के किसी भी समझौते की दिशा में आगे नहीं बढ़ना चाहिए.
‘किसानों की आजीविका प्रभावित हो सकती है’
कांग्रेस का दावा है कि किसान महापंचायत में प्रदेश के विभिन्न हिस्सों से किसान संगठनों की भागीदारी होगी और इस मंच से केंद्र सरकार पर दबाव बनाने की रणनीति तय की जाएगी. पार्टी नेताओं ने कहा कि मध्यप्रदेश कृषि प्रधान राज्य है और यहां के किसानों की आजीविका किसी भी अंतरराष्ट्रीय समझौते से प्रभावित हो सकती है.
महापंचायत में ट्रेड डील के संभावित प्रभाव, न्यूनतम समर्थन मूल्य, आयात नीति और कृषि सुरक्षा जैसे मुद्दों पर विस्तार से चर्चा होगी. कांग्रेस ने इसे किसानों की आवाज बुलंद करने का बड़ा मंच बताया है.
ये भी पढे़ं: MP News: रीवा में नेशनल हाई-वे पर स्कॉर्पियों और ऑटो की भिड़ंत से भीषण सड़क हादसा; 2 की मौत, कई लोग घायल