Rajya Sabha Election: कमलनाथ और जीतू पटवारी को दरकिनार कर कांग्रेस ने बनाया उम्मीदवार, जानिए कौन हैं अशोक सिंह

अशोक सिंह मध्य प्रदेश कांग्रेस के कोषाध्यक्ष हैं और ग्वालियर से 4 बार लोकसभा चुनाव लड़ चुके हैं.
अशोक सिंह

अशोक सिंह

Rajya Sabha Election: मध्य प्रदेश में 5 सीटों के लिए हो रहे राज्यसभा चुनाव के लिए भाजपा के बाद अब कांग्रेस ने भी अपने प्रत्याशियों के नामों का ऐलान कर दिया है. पार्टी ने अशोक सिंह को उम्मीदवार बनाया है. अशोक सिंह मध्य प्रदेश कांग्रेस के कोषाध्यक्ष हैं और ग्वालियर से 4 बार लोकसभा चुनाव लड़ चुके हैं.

राज्यसभा की एक सीट के लिए कांग्रेस में कमलनाथ, प्रदेश अध्यक्ष जीतू पटवारी, मीनक्षी नटराजन की दावेदारी मानी जा रही थी, लेकिन पार्टी ने दिग्गजों को दरकिनार करते हुए अशोक सिंह के नाम मुहर लगाई है. वहीं अपने नाम का ऐलान होने के बाद अशोक सिंह कांग्रेस कार्यालय पहुंचे, तो उन्हें बधाई देने वालों का तांता लगा रहा. अशोक सिंह ने पार्टी नेताओं, कार्यकर्ताओं से मुलाकात की और आलाकमान का धन्यवाद किया.

कौन हैं अशोक सिंह

अशोक सिंह मध्य प्रदेश कांग्रेस के कोषाध्यक्ष हैं और 4 बार ग्वालियर से लोकसभा चुनाव लड़ चुके हैं. अशोक सिंह को पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह का करीबी माना जाता है. अशोक सिंह के पिता राजेंद्र सिंह भी विधायक और मंत्री रह चुके हैं. उनकी सिंधिया घराने से अदावत भी पुरानी है.

अशोक सिंह को मौका क्यों

अशोक सिंह कांग्रेस के समर्पित कार्यकर्ता और दिग्विजय सिंह के करीबी माने जाते हैं. ग्वालियर चंबल अंचल में सिंधिया के भाजपा में जाने और डॉ. गोविंद सिंह के चुनाव हारने के बाद पार्टी की इलाके में स्थिति कमजोर हुई है. अशोक सिंह के जरिए ग्वालियर- चंबल इलाके में पार्टी कार्यकर्ताओं में नई ऊर्जा आएगी.

ज़रूर पढ़ें