‘जनता को पानी नहीं मिला तो जान दे दूंगा…’, वाटर सप्लाई बंद होने पर पार्षद ने अर्धनग्न होकर किया प्रदर्शन
वार्ड पार्षद माठू यादव
Gwalior News: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में पानी की समस्या को लेकर विवाद बढ़ता ही जा रहा है. शहर के जनप्रतिनिधियों और जनता के बीच आक्रोश बढ़ रहा है. इसको लेकर ताजा मामला नूरगंज क्षेत्र से सामने आया है. वार्ड 14 के पार्षद और एमआईसी सदस्य विनोद उर्फ माठू यादव ने मंगलवार को देर रात पानी की टंकी पर चढ़कर अर्धनग्न होकर प्रदर्शन किया है. उन्होंने पानी की टंकी पर चढ़ने के बाद चेतावनी दी है कि यदि पानी नहीं मिला तो वे टंकी से कूद जाएंगे.
अर्धनग्न होकर पार्षद चढ़े पानी की टंकी पर
दरअसल, मामला शहर के नूरगंज इलाके का है, जहां लंबे समय से पानी की आपूर्ति होने से स्थानीय लोग बेहद परेशान थे. इस समस्या के समाधान की मांग करते हुए पार्षद माठू यादव देर रात अपने कपड़े उतारकर पानी की टंकी पर पहुंच गए और अर्धनग्न होकर प्रदर्शन करने लगे. उन्होंने कहा कि जब तक उनके क्षेत्र की जनता को पानी नहीं मिलेगा, वे अपना विरोध जारी रखेंगे.
स्थानीय लोगों ने कर्मचारियों को बनाया बंधक
मामले की सूचना मिलने के बाद नगर निगम के अधिकारी और कर्मचारी मौके पर पहुंचे. इलाके में पहले से ही माहौल तनावपूर्ण था. इस तनाव के बीच नाराज जनता ने नगर निगम के कर्मचारियों को घेर लिया और कुछ समय के लिए सभी को बंधक भी बना लिया. लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बाद भी समस्या का कोई समाधान नहीं हो सका है.
पार्षद ने दी अधिकारियों के कपड़े फाड़ने की चेतावनी
क्षेत्र के पार्षद माठू यादव ने नगर निगम के अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि वे जनता के हक के लिए किसी भी हद तक जाने के लिए तैयार है. पार्षद ने धमकी दी कि या तो जनता को पानी मिलेगा या फिर वे अपनी जान दे देंगे. पार्षद ने अधिकारियों के कपड़े फाड़ने तक की चेतावनी दे दी है.
अधिकारियों ने ठीक कराया स्टार्टर
क्षेत्र में स्थिति को बिगड़ते देख प्रशासन ने तत्काल कार्रवाई की है. टंकी से जुड़ी मोटर के स्टार्टर में तकनीकी खराबी के कारण पानी की आपूर्ति बाधित हुई थी. अधिकारियों ने देर रात तक पानी की टंकी को मरम्मत करवाकर ठीक कराया और उसमें पानी भरवाया गया. पानी टंकी भरने के बाद स्थानीय लोगों को राहत मिली है.
ये भी पढे़ं- Gwalior: JAH अस्पताल में बड़ी लापरवाही! महिला की रिपोर्ट से कर दिया पुरुष का इलाज, गंभीर चूक से गई मरीज की जान