मुरैना में BJP नेता के घर पर फायरिंग, बाल-बाल बचा बेटा; मोहल्ले वालों ने बदमाशों को पकड़कर कर दी ‘धुनाई’

घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. लोग खुलेआम हो रही इस तरह की वारदातों से खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं. इस घटना ने एक बार फिर कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं
The car's windows were broken during the firing by the miscreants.

बदमाशों की फायरिंग के दौरान कार के शीशे टूट गए.

Input- मनोज

MP News: मुरैना जिले के जौरा थाना क्षेत्र में उस समय हड़कंप मच गया जब भाजपा नेता और शराब ठेकेदार रविन्द्र सिंह सिकरवार के घर पर हथियारबंद बदमाशों ने ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. बदमाशों के निशाने पर भाजपा नेता का बेटे राहुल प्रताप सिंह सिकरवार उर्फ जोंटी था. फायरिंग के दौरान बीजेपी नेता का बेटा घायल हो गया. हालांकि राहुल ने साहस दिखाते हुए हमलावरों की बंदूक छीन ली. जिससे उसकी जान बच गई.

स्थानीय लोगों ने बदमाशों को पकड़कर पीटा

पूरा मामला सिकरौदा इलाके का है, जहां देर शाम अचानक गोलियों की आवाज से पूरा मोहल्ला दहशत में आ गया. बदमाशों ने भाजपा नेता का बेटे राहुल प्रताप सिंह सिकरवार को जान से मारने की नीयत से उस पर फायरिंग की थी. हालांकि हमले में वह बाल-बाल बच गया. फायरिंग की आवाज सुनकर आसपास के लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और हालात को संभालने की कोशिश की. स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए कुछ बदमाशों को पकड़ लिया और उनकी जमकर पिटाई कर दी. इस दौरान मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया था.

पुरानी रंजिश को बताया जा रहा है हमले की वजह

बताया जा रहा है कि हमलावर शराब माफिया से जुड़े हुए हैं. हमले के पीछे पुरानी रंजिश और अवैध कारोबार को लेकर विवाद की आशंका जताई जा रही है. घटना की सूचना मिलते ही पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रण में लिया. पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर साक्ष्य जुटाए और आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है.

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार किया जाएगा. साथ ही क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा कर दिया गया है.

बढ़ती जा रही हैं अपराध की घटनाएं

इस घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है. लोग खुलेआम हो रही इस तरह की वारदातों से खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं. इस घटना ने एक बार फिर कानून व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं, जहां दिनदहाड़े या शाम के समय इस तरह की फायरिंग की घटनाएं आम होती जा रही हैं. स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई की मांग की है ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं पर रोक लगाई जा सके. फिलहाल पुलिस पूरे मामले की तह तक जाने में जुटी हुई है और आरोपियों की तलाश जारी है.

ये भी पढे़ं: तीन महीने बाद पुणे से मिली मंदसौर की लापता नाबालिग, 4 राज्यों में तलाशी के बाद इनामी बदमाश को पुलिस ने दबोचा

ज़रूर पढ़ें