‘केबिन में बुलाकर अश्लील बातें करते, पीरियड्स में खड़ा करके मीटिंग करते थे’, पूर्व बैंक मैनेजर का सीनियर अधिकारियों पर गंभीर आरोप

पूर्व बैंक मैनेजर ने बताया कि अधिकारियों ने इतना प्रताड़ित किया कि महिला ने बैंक से इस्तीफा दे दिया. तीन महीने का नोटिस पीरियड था. नोटिस पीरियड भी पूरा किया. लेकिन नोटिस पीरियड के दौरान भी उन्होंने प्रताड़ित करना नहीं छोड़ा.
File Photo

फाइल फोटो

MP News: इंदौर में एक्सिस बैंक की पूर्व मैनेजर ने अपने सीनियर अधिकारियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं. महिला ने मंगलवार को कलेक्टर की जनसुनवाई में पहुंचकर शिकायत की है. महिला ने बताया कि उसका मानसिक और शारीरिक रूप से इतना शोषण किया गया कि मजबूरी में उसे नौकरी से इस्तीफा देना पड़ा. वहीं इस्तीफा देने के बाद जो उसके हक के पैसे थे वो भी नहीं दिए. अधिकारियों ने पूर्व मैनेजर का बोनस भी रोक दिया.

‘पीरियड्स में खड़ा करके मीटिंग करते थे’

पूर्व बैंक मैनेजर मंगलवार को कलेक्टर की जनसुनवाई में पहुंची थी. यहां उन्होंने कलेक्टर से अपना दुख बयान करते हुए बताया कि वह चोइथराम मंडी शाखा में साल 2023 से 2025 तक ऑपरेशनल हेड थीं. सीनियर अधिकारी केबिन में बुलाकर डबल मीनिंग बात करते थे. जिसके कारण कोई भी महिला असहज की स्थिति में हो जाए. इतना ही नहीं केबिन में जाने के बाद गंदे इशारे भी करते थे और पीरियड्स में खड़ा करके मीटिंग करते थे.

इस्तीफा देने के लिए मजबूर कर दिया

पूर्व महिला बैंककर्मी ने बताया कि उनका काम अच्छा था. उन्हें काम के लिए कई बार अवॉर्ड्स भी मिलें. लेकिन इसके बावजूद सीनियर अधिकारी हैरेस करते थे. अधिकारियों ने इतना प्रताड़ित किया कि महिला ने बैंक से इस्तीफा दे दिया. तीन महीने का नोटिस पीरियड था. नोटिस पीरियड भी पूरा किया. लेकिन नोटिस पीरियड के दौरान भी उन्होंने प्रताड़ित करना नहीं छोड़ा. इसके बाद नौकरी छोड़ने पर सीनियर अधिकारियों ने बोनस रुकवा दिया. शिकायत करने पर धमकी दी गई, तुझे बर्बाद कर दिया जाएगा. महिला ने बताया कि लगभग दो लाख रुपये का बोनस बाकी है, जो अभी तक नहीं मिला है.

HR से शिकायत करने पर भी कोई सुनवाई नहीं

महिला ने बताया कि मामले में बैंक के एचआर और डिप्टी एचआर से भी शिकायत की थी. लेकिन उन्होंने भी शिकायत को नजरअंदाज कर दिया. लेबर ऑफिस और पोर्टल पर भी शिकायत करने का भी कोई फायदा नहीं हुआ. वहीं डिप्टी एचआर शिवम गुप्ता का कहना है कि बोनस को लेकर शिकायत आई थी लेकिन बैंक पॉलिसी के तहत नहीं दिया जा सकता. गुप्ता ने बताया कि बाकी चीजों को लेकर उन्हें कोई जानकारी नहीं है.

एक्सिस बैंक की पूर्व बैंक मैनेजर ने कलेक्टर को आवेदन देकर न्याय की गुहार लगाई है. फिलहाल कलेक्टर ने जांच के बाद कार्रवाई का आश्वासन दिया है.

ये भी पढे़ं: इंदौर में 7 राज्यों के BJP नेताओं का प्रशिक्षण वर्ग, कार-मोबाइल समेत मंत्रियों के गार्ड भी रहेंगे बाहर, बग्घी में सवार होकर पहुंचेंगे नेता

ज़रूर पढ़ें