MP News: लव मैरिज में इतना बड़ा धोखा! 6 महीने पहले की शादी, पति निकला 2 बच्चों का बाप; दुखी होकर कर लिया सुसाइड
ग्वालियर में लव मैरिज में धोखा खाने के बाद महिला ने सुसाइड कर लिया.
MP News: मध्य प्रदेश के ग्वालियर में एक महिला के साथ लव मैरिज में इतना बड़ा धोखा हुआ कि उसने फांसी लगाकर जान दे दी. महिला ने 6 महीने पहले ही जिस शख्स से बड़े अरमानों के साथ लव मैरिज की थी, वो 2 बच्चों का बाप निकला. इससे महिला इतनी दुखी हुई कि उसने फांसी लगाकर सुसाइड कर लिया. आत्महत्या से पहले महिला ने एक वीडियो भी बनाया. जिसमें उसने अपने पति और ससुराल वालों को अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया है.
परिवार के विरोध के बावजूद की थी लव मैरिज
जीडीए कॉलोनी की रहने वाली प्राची ने 6 महीने पुरानी छावनी के रहने वाले सत्यनारायण भदौरिया से मंदिर में लव मैरिज की थी. हालांकि प्राची के घरवाले इस शादी के खिलाफ थे. लेकिन परिवार के विरोध के बावजूद प्राची ने सत्यनारायण से शादी कर ली. शादी के बाद दोनों पति-पत्नी घरवालों से अलग सिरोल थाना क्षेत्र में किराए के फ्लैट में रह रहे थे.
पति के घर पहुंची तो परिवार वालों ने कर दी पिटाई
बताया जा रहा है कि लव मैरिज के कुछ महीनों बाद प्राची को पता चला कि उसका पति सत्यनारायण भदौरिया पहले से ही शादीशुदा है और दो बच्चों का बाप है. सच्चाई का पता चलने पर प्राची ने अपने पति के घर पहुंचकर उसके परिवार वालों से मुलाकात की. आरोप है कि पति के घरवालों ने प्राची के साथ मारपीट की थी, जिससे प्राची इतना दुखी हुई कि उसने घर आकर फांसी लगाकर जान दे दी.
आत्महत्या से पहले का वीडियो आया सामने
फांसी लगाने से पहले प्राची ने एक वीडियो भी बनाया था, जिसमें उसने अपने पति और उसके घरवालों का अपनी मौत का जिम्मेदार ठहराया है. वहीं सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है. पुलिस महिला के परिजनों से बात कर रही है. पुलिस का कहना है कि मामले में जांच की जा रही है, जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.