Morena News: कुंवारी नदी में कूदी 19 वर्षीय युवती का शव हुआ बरामद, सरपंच पति की सूचना पर ग्रामीणों ने नदी से निकाला बाहर

Morena News: मुरैना पोरसा तहसील के ग्राम बुधारा स्थित कुंवारी नदी में गुरुवार शाम कूदने वाली 19 वर्षीय युवती का शव शुक्रवार सुबह बरामद हो गया.
Rescue of villagers in the river

नदी में ग्रामीणों का रेस्क्यू

रिपोर्ट – मनोज शर्मा

Morena News: मुरैना पोरसा तहसील के ग्राम बुधारा स्थित कुंवारी नदी में गुरुवार शाम कूदने वाली 19 वर्षीय युवती का शव शुक्रवार सुबह बरामद हो गया. शव मिलने के बाद पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल है.

जानकारी के अनुसार, शुक्रवार सुबह करीब 6:30 बजे ग्राम बुधारा के सरपंच पति बलवीर कुशवाहा को पुल से करीब दो किलोमीटर से अधिक दूरी पर नदी में युवती का शव दिखाई दिया. उन्होंने तत्काल ग्रामीणों को इसकी सूचना दी. सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए और उनकी मदद से शव को नदी से बाहर निकाला गया.

पुलिस ने पंचनामा कर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा

इसके बाद सुबह करीब 7 बजे पोरसा थाना पुलिस और रेस्क्यू टीम मौके पर पहुंची. पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया.

मृतका की पहचान रामचंद्र का पुरा निवासी माखन सिंह सखवार की 19 वर्षीय पुत्री के रूप में हुई है. युवती ने गुरुवार शाम करीब 4 बजे ग्राम बुधारा के पास कुंवारी नदी में छलांग लगा दी थी. सूचना मिलते ही पुलिस और रेस्क्यू टीम ने देर शाम तक तलाश अभियान चलाया, लेकिन सफलता नहीं मिली. शुक्रवार सुबह शव बरामद होने के बाद अभियान समाप्त कर दिया गया.

घटना के कारणों की जांच में जुटी पुलिस

पोरसा थाना प्रभारी दिनेश सिंह कुशवाहा ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया जा रहा है. प्रथम दृष्टया मामला नदी में कूदने का प्रतीत होता है. घटना के कारणों की जांच की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी.

ये भी पढे़ं- शिवपुरी में भू-माफिया पर चला प्रशासन का ‘चाबुक’, 15 करोड़ की मंदिर जमीन अतिक्रमण मुक्त, आरोपियों पर जुर्माना भी लगाया

ज़रूर पढ़ें