Morena News: 74.77 करोड़ के सरसों तेल घोटाले में CBI का बड़ा एक्शन, केएस ऑयल्स के चेयरमैन समेत 12 पर FIR
केएस ऑयल्स
रिपोर्ट – मनोज शर्मा
Morena News: मुरैना में बहुचर्चित 74.77 करोड़ रुपये के सरसों तेल घोटाले में केंद्रीय अन्वेषण ब्यूरो (CBI) ने बड़ा एक्शन लेते हुए मुरैना की केएस ऑयल्स लिमिटेड, उसके तत्कालीन चेयरमैन समेत कुल 12 आरोपियों के खिलाफ नियमित मामला दर्ज किया है. इस कार्रवाई में राज्य व्यापार निगम (STC) के तत्कालीन अधिकारियों को भी आरोपी बनाया गया है.
सरसों तेल खरीद में करोड़ों की गड़बड़ी का आरोप
CBI के अनुसार, वर्ष 2010 से 2014 के बीच सरसों तेल की खरीद में फर्जीवाड़ा, नियमों की अनदेखी और कथित साजिश के जरिए सरकारी निगम को 74.77 करोड़ रुपये का नुकसान पहुंचाया गया. जांच एजेंसी का कहना है कि पूरी प्रक्रिया में कई स्तरों पर गंभीर अनियमितताएं बरती गईं.
जांच में सामने आए चौंकाने वाले तथ्य
जांच में सामने आया कि केएस ऑयल्स को 75 करोड़ रुपये की ट्रेड फाइनेंस सुविधा दी गई थी, जबकि स्वीकृत सीमा से अधिक 83.30 करोड़ रुपये के लेटर ऑफ क्रेडिट (LC) जारी किए गए. इसके अलावा, सप्लाई से जुड़ी दो कंपनियां शेल कंपनियां पाई गईं. निरीक्षण के दौरान भंडारण टैंकों में 90 प्रतिशत से अधिक पानी मिला, जबकि उनमें सरसों का तेल होना चाहिए था.
CBI ने दर्ज किया नियमित मामला
आरोप है कि समय पर भुगतान और स्टॉक का निपटान नहीं होने के कारण सरकारी निगम को भारी आर्थिक नुकसान हुआ. CBI ने तत्कालीन अधिकारियों, केएस ऑयल्स के पूर्व चेयरमैन, निदेशकों और अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ आपराधिक साजिश, धोखाधड़ी तथा भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.
आगे की कार्रवाई पर सबकी नजर
अब इस हाई-प्रोफाइल घोटाले में आगे कौन-कौन से बड़े खुलासे होंगे और किन-किन लोगों पर कार्रवाई होगी, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं. CBI की जांच आगे बढ़ने के साथ इस मामले में नए तथ्यों के सामने आने की संभावना भी जताई जा रही है.
ये भी पढे़ं- Morena News: एक ही व्यक्ति के दो-दो मृत्यु प्रमाण पत्र! 8 माह बाद भी जांच अधूरी, परिजनों को कार्रवाई का इंतजार