Morena News: एक ही व्यक्ति के दो-दो मृत्यु प्रमाण पत्र! 8 माह बाद भी जांच अधूरी, परिजनों को कार्रवाई का इंतजार
एक ही व्यक्ति के दो-दो मृत्यु प्रमाण पत्र
रिपोर्ट – मनोज शर्मा
Morena News: मुरैना जिले की पहाड़गढ़ जनपद पंचायत अंतर्गत ग्राम पंचायत अगरौता में एक ही व्यक्ति के दो बार मृत्यु प्रमाण पत्र जारी होने का मामला गंभीर सवाल खड़े कर रहा है. शिकायतकर्ता द्वारा प्रस्तुत दस्तावेजों के अनुसार, बाबूलाल त्यागी की मृत्यु 6 दिसंबर 2021 को हो गई थी, जिसके बाद उनका मृत्यु प्रमाण पत्र जारी कर दिया गया. इसके बावजूद परिजनों ने कथित रूप से करीब दो वर्षों तक एटीएम के माध्यम से पेंशन राशि निकालकर शासन को आर्थिक नुकसान पहुंचाया.
पहले से प्रमाण पत्र होने के बाद दूसरा कैसे जारी हुआ?
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि बाद में 9 अप्रैल 2023 को उसी व्यक्ति का दूसरा मृत्यु प्रमाण पत्र जारी किया गया, जिसके आधार पर पेंशन बंद कराई गई. सवाल यह है कि जब पहले से ही मृत्यु प्रमाण पत्र जारी हो चुका था, तो दूसरा प्रमाण पत्र किस आधार पर और किसकी अनुमति से बनाया गया.
फर्जी दस्तावेजों के सहारे पेंशन लेने का आरोप
शिकायतकर्ता ने पुलिस एवं संबंधित अधिकारियों को दिए गए आवेदन में आरोप लगाया है कि बाबूलाल त्यागी के पुत्र और अन्य संबंधित लोगों ने कथित रूप से कूटरचित दस्तावेज तैयार कर मृतक को जीवित दर्शाते हुए पेंशन का लाभ लिया. आवेदन में यह भी उल्लेख किया गया है कि भारतीय स्टेट बैंक के खाते से लगभग दो वर्षों तक पेंशन राशि निकाली गई. बाद में कथित रूप से फर्जी शपथ पत्र प्रस्तुत कर मृत्यु की तिथि बदलवाकर नया मृत्यु प्रमाण पत्र जारी कराया गया, ताकि पेंशन बंद कराई जा सके.
दोनों मृत्यु प्रमाण पत्र शिकायत के साथ संलग्न
शिकायत के साथ वर्ष 2021 और 2023 में जारी दोनों मृत्यु प्रमाण पत्रों की प्रतियां भी संलग्न की गई हैं. शिकायतकर्ता ने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर संबंधित लोगों के विरुद्ध धोखाधड़ी, कूटरचना तथा शासकीय राशि के दुरुपयोग के आरोपों की जांच करते हुए कानूनी कार्रवाई की मांग की है.
आठ माह बाद भी जांच पूरी नहीं, ग्रामीणों में नाराजगी
हालांकि, शिकायत दर्ज होने के करीब आठ माह बीत जाने के बावजूद जांच पूरी नहीं हो सकी है और अब तक किसी जिम्मेदार अधिकारी या कर्मचारी के खिलाफ कोई कार्रवाई नहीं हुई है. इससे ग्रामीणों में नाराजगी है. लोगों का आरोप है कि मामले में दोषियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है. अब सभी की निगाहें जिला प्रशासन पर हैं कि वह इस गंभीर प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर सच्चाई सामने लाता है.
ये भी पढे़ं- Morena: अवैध रूप से तोड़ा मकान, विरोध करने पर दी जान से मारने की धमकी, पीड़ित ने पुलिस से लगाई न्याय की गुहार