Morena News: मुरैना में कोचिंग संस्थानों की खुली पोल! न इमरजेंसी गेट, न वेंटिलेशन और न ही शौचालय, प्रशासन ने दिखाई सख्ती

Morena News: लखनऊ में हुए कोचिंग हादसे के बाद मुरैना जिले में चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के दौरान कई कोचिंग संस्थानों में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं.
Officials crack down on coaching institutes.

कोचिंग संस्‍थानों में अधिकारियों ने दिखाई सख्‍ती

रिपोर्ट – मनोज शर्मा

Morena News: लखनऊ में हुए कोचिंग हादसे के बाद मुरैना जिले में चलाए जा रहे विशेष जांच अभियान के दौरान कई कोचिंग संस्थानों में गंभीर अनियमितताएं सामने आई हैं. निरीक्षण के दौरान अधिकांश कोचिंग संस्थानों में न तो आपातकालीन निकास (इमरजेंसी एग्जिट) मिला, न पर्याप्त वेंटिलेशन की व्यवस्था थी, न छात्रों के लिए स्वच्छ पेयजल उपलब्ध था और न ही छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग शौचालय की सुविधा पाई गई.

संयुक्त टीम ने किया निरीक्षण

निरीक्षण के दौरान एसडीएम मुरैना, जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ), बीआरसी, डीपीसी तथा शिक्षा विभाग की संयुक्त टीम ने शहर के कई कोचिंग संस्थानों का निरीक्षण किया. जांच के दौरान कई स्थानों पर निर्धारित क्षमता से अधिक छात्र-छात्राएं एक ही कक्ष में बैठे मिले. इससे सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े हुए हैं और किसी भी आपदा की स्थिति में बड़े हादसे की आशंका जताई गई.

सुरक्षा के इंतजामों पर उठे सवाल

जिला शिक्षा अधिकारी ने निरीक्षण के दौरान कोचिंग संचालकों से पूछा कि जब पर्याप्त खिड़कियां और खुली हवा की व्यवस्था ही नहीं है, तो इतनी बड़ी संख्या में छात्रों को एक ही कक्ष में कैसे बैठाया जा रहा है. इसके साथ ही कई संस्थानों में फायर सेफ्टी से जुड़े आवश्यक उपकरण भी नहीं मिले, जिससे सुरक्षा मानकों की अनदेखी साफ नजर आई.

15 संचालकों को जारी हुए नोटिस

गंभीर कमियों को देखते हुए 15 कोचिंग संचालकों को कारण बताओ नोटिस जारी किए गए हैं. प्रशासन ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि निर्धारित सुरक्षा मानकों और आवश्यक सुविधाओं का पालन नहीं करने वाले कोचिंग संस्थानों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी. एसडीएम ने नियमों की लगातार अनदेखी किए जाने पर ऐसे कोचिंग संस्थानों को सील करने तक की चेतावनी दी है.

जांच अभियान रहेगा जारी

प्रशासन का कहना है कि जिले में यह जांच अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा. छात्रों की सुरक्षा के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा और सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए नियमित निरीक्षण किए जाएंगे.

ये भी पढे़ं- Morena News: 74.77 करोड़ के सरसों तेल घोटाले में CBI का बड़ा एक्शन, केएस ऑयल्स के चेयरमैन समेत 12 पर FIR

ज़रूर पढ़ें