Gwalior मंदिर हादसे में 16वीं मौत, 52 घंटे बाद जिंदगी की जंग हारे मोतीराम

Gwalior Sheetla Mata Mandir Accident: शनिवार रात को हुए इस हादसे में पहले ही 15 लोगों की मौत हो गई थी. मोतीराम की मौत के बाद हादसे में जान गंवाने वालों की संख्या 16 हो गई है. इस खबर के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है. पूरे इलाके में शोक की लहर है.
gwalior

ग्वालियर

Gwalior Sheetla Mata Mandir Accident: ग्वालियर जिले के शीतला माता मंदिर के पास हुए दर्दनाक हादसे में मृतकों की संख्या बढ़कर 16 हो गई है. 78 साल के मोतीराम प्रजापति ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया. वे पिछले 52 घंटे से जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे थे. शहर के एक निजी अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था. डॉक्टरों की तमाम कोशिशों के बाद भी उन्हें बचाया नहीं जा सका.

ग्वालियर मंदिर हादसे में 16वी मौत

शनिवार रात को हुए इस हादसे में पहले ही 15 लोगों की मौत हो गई थी. मोतीराम की मौत के बाद हादसे में जान गंवाने वालों की संख्या 16 हो गई है. इस खबर के बाद मृतक के परिजनों में कोहराम मच गया है. पूरे इलाके में शोक की लहर है.

सीएम ने ट्रॉमा सेंटर पहुंचकर घायलों का हाल जाना

घायलों का हाल जानने के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ट्रॉमा सेंटर पहुंचे थे. उनके साथ केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी मौजूद थे. दोनों नेताओं ने सभी घायलों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना. डॉक्टरों को घायलों का उचित इलाज करने के निर्देश दिए गए. इस दौरान उन्होंने घायलों के परिजनों से भी मुलाकात की और उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिलाया.

सीएम के दौरे से पहले जयरोग्य अस्पताल के ट्रॉमा सेंटर परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बेहद सख्त कर दी गई थी. चारों तरफ बैरिकेडिंग की गई थी. इससे पहले रविवार 18 अक्टूबर की शाम को केंद्रीय मंत्री ज्योतिरादित्य सिंधिया भी घायलों का हाल जानने ट्रॉमा सेंटर पहुंचे थे. इस दौरान उनके स्वागत में बिछाए गए रेड कार्पेट को लेकर उन्होंने नाराजगी भी जताई थी.

कैसे हुआ था दर्दनाक हादसा

ग्वालियर से करीब 26 से 27 किलोमीटर दूर चिनौर रोड पर प्रसिद्ध शीतला माता मंदिर स्थित है. नवरात्रि का समय होने के कारण रात के समय भी मंदिर के बाहर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ दर्शन के लिए कतारों में खड़ी थी. कुछ लोग वहीं विश्राम कर रहे थे.इसी दौरान पंजाब पासिंग नंबर का धान से लदा एक तेज रफ्तार अनियंत्रित ट्रक वहां पहुंचा.

ढलान वाले रास्ते पर बेकाबू होकर ट्रक ने लाइन में खड़े करीब 40 से 45 श्रद्धालुओं को कुचल दिया. लोगों को रौंदते हुए ट्रक मंदिर की दीवार से जा टकराया. इस हादसे में 15 लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी और करीब 26 लोग घायल हुए थे.

सीएम के निर्देश पर सख्त एक्शन

इस घटना के बाद सीएम मोहन यादव के सख्त निर्देश पर प्रशासन ने कार्रवाई की है. झांसी रोड के सीएसपी रवि भदौरिया को पद से हटा दिया गया है. इसके साथ ही तीन थाना प्रभारियों और एक ट्रैफिक इंस्पेक्टर समेत 8 पुलिसकर्मियों को तत्काल प्रभाव से सस्पेंड कर दिया गया है.

ज़रूर पढ़ें