‘प्‍यार करता हूं, गलत नहीं कर रहा…’, इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद नाबालिग से दुष्कर्म, युवक पर पॉक्सो एक्ट में FIR

Gwalior News: पीड़िता ने विकल्प शर्मा नाम के युवक पर प्रेम का झांसा देकर नई सड़क स्थित होटल शारदा में तीन बार बुलाने और उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया है.
symbolic picture

सांकेतिक तस्‍वीर

Gwalior News: ग्वालियर के जनकगंज थाना क्षेत्र में इंस्टाग्राम पर दोस्ती के बाद 17 वर्षीय किशोरी से दुष्कर्म का मामला सामने आया है. पीड़िता ने विकल्प शर्मा नाम के युवक पर प्रेम का झांसा देकर नई सड़क स्थित होटल शारदा में तीन बार बुलाने और उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया है. शिकायत के आधार पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं और पॉक्सो एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

इंस्टाग्राम पर फ्रेंड रिक्वेस्ट से हुई शुरुआत

पीड़िता के लिखित आवेदन के मुताबिक, 8 जून 2026 को उसकी इंस्टाग्राम आईडी पर विकल्प शर्मा की फ्रेंड रिक्वेस्ट आई थी. इसे स्वीकार करने के बाद दोनों के बीच बातचीत शुरू हुई. धीरे-धीरे चैटिंग से फोन पर बात होने लगी. आरोप है कि युवक ने प्यार का भरोसा दिलाकर किशोरी का विश्वास जीत लिया.

होटल में दूसरे नाम से एंट्री कराने का आरोप

शिकायत के अनुसार, 16 जुलाई को आरोपी ने किशोरी को सुबह करीब 11 बजे होटल शारदा में मिलने बुलाया. आरोप है कि होटल के एंट्री रजिस्टर में किशोरी के वास्तविक नाम की जगह किसी दूसरी लड़की का नाम दर्ज कराया गया. इसके बाद आरोपी उसे कमरे में ले गया और कथित तौर पर उसकी मर्जी के खिलाफ शारीरिक संबंध बनाए.

तीन बार होटल बुलाने की बात आई सामने

पीड़िता ने आरोप लगाया कि युवक ने अलग-अलग दिनों में उसे तीन बार होटल बुलाया. आखिरी बार 28 जुलाई 2026 को दोपहर करीब 12 बजे वह उसे फिर होटल लेकर गया. शिकायत में किशोरी ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर आरोपी हमेशा यह कहकर बहलाता रहा कि “मैं तुमसे प्यार करता हूं, तुम्हारे साथ कुछ गलत नहीं कर रहा हूं.

परिवार को जानकारी मिली तो संपर्क तोड़ा

आरोपी के परिवार को मामले की जानकारी मिलने के बाद उसने कथित तौर पर किशोरी से संपर्क बंद कर दिया. परेशान होकर किशोरी ने अपनी मां को पूरी घटना बताई और उनके साथ थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई.

पुलिस ने शुरू की मामले की जांच

जनकगंज थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है. पुलिस होटल के एंट्री रजिस्टर और सीसीटीवी फुटेज सहित अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही है. आरोपों की पुष्टि जांच के बाद होगी.

ये भी पढे़ं- बैरागढ़ रेप-हत्या मामले में CCTV से खुला राज, परिजनों ने की आरोपी को फांसी देने की मांग

ज़रूर पढ़ें