Morena: अस्पताल के गेट पर ई-रिक्शा में गूंजी किलकारी, सिस्टम की सुस्ती ने सड़क पर कराया प्रसव!

Morena: जिला अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर सवाल खड़ा करने वाली एक घटना शनिवार सुबह सामने आई, जब एक गर्भवती महिला ने अस्पताल के मुख्य गेट पर ही बच्चे को जन्म दे दिया.
Morena News

मुरैना अस्पताल के गेट पर बच्चे का जन्म

Morena/मनोज शर्मा: जिला अस्पताल की स्वास्थ्य व्यवस्थाओं पर सवाल खड़ा करने वाली एक घटना शनिवार सुबह सामने आई, जब प्रसव पीड़ा से कराह रही एक गर्भवती महिला ने अस्पताल के मुख्य गेट पर खड़े ई-रिक्शा में ही बच्चे को जन्म दे दिया. बताया जा रहा है कि 108 एम्बुलेंस के इंतजार में देरी होने के कारण परिजन महिला को ई-रिक्शा से अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन तब तक प्रसव शुरू हो चुका था.

अस्पताल के मुख्य गेट पर ही हो गया प्रसव

जानकारी के अनुसार शहर के बंगाली कॉलोनी-नयापुरा क्षेत्र निवासी 20 वर्षीय अंजली ओझा को शनिवार सुबह प्रसव पीड़ा हुई. परिजनों ने पहले 108 एम्बुलेंस को सूचना दी, लेकिन समय पर सहायता नहीं मिलने पर महिला को ई-रिक्शा में बैठाकर जिला अस्पताल के लिए रवाना होना पड़ा.
सुबह करीब 10:50 बजे जैसे ही ई-रिक्शा अस्पताल के मुख्य गेट पर पहुंचा, महिला की हालत गंभीर हो गई और वहीं प्रसव हो गया. स्थिति को देखते हुए अस्पताल की नर्सें तत्काल मौके पर पहुंचीं. उन्होंने ई-रिक्शा के चारों ओर कपड़े लगाकर अस्थायी व्यवस्था बनाई और सुरक्षित प्रसव कराया.

मेटरनिटी वार्ड में भर्ती कराया गया

नवजात के जन्म के बाद मां और बच्चे को प्राथमिक उपचार देकर व्हीलचेयर के माध्यम से अस्पताल के मेटरनिटी वार्ड में भर्ती कराया गया. दोनों की हालत सामान्य बताई जा रही है. घटना ने एक बार फिर स्वास्थ्य सेवाओं और आपातकालीन एम्बुलेंस व्यवस्था की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं. हालांकि परिजनों ने किसी प्रकार की शिकायत या विवाद से इनकार किया है.

सिविल सर्जन डॉ. गजेंद्र सिंह तोमर ने कहा कि मामले की जानकारी ली जाएगी और प्रसूता को बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा रहा है.

ये भी पढ़ें: International Yoga Day: जबलपुर में हुआ राज्य स्तरीय योग दिवस कार्यक्रम, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने किया योगाभ्यास

ज़रूर पढ़ें