श्योपुर में 60 फीट ऊंची टंकी पर चढ़ा सांड, क्रेन से 42 घंटे बाद रेस्क्यू कर उतारा गया
श्योपुर: 42 घंटे बाद सांड का रेस्क्यू कर पानी की टंकी से उतारा गया
Sheopur Water Tank Bull Rescue: मध्य प्रदेश के श्योपुर से अजब-गजब मामला सामने आया है. जहां, गुरनावदा गांव की 60 फीट ऊंची टंकी पर एक सांड चढ़ गया. जिसे देखने के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई. पहले ग्रामीणों ने खुद ही सांड को उतारने की कोशिश की लेकिन वे असफल रहे. इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस और प्रशासन को दी गई. रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया और क्रेन की सहायता से सांड को उतारा गया.
क्या है पूरा मामला?
दरअसल, ये पूरा मामला श्योपुर जिले के मानपुर थाना क्षेत्र में स्थित गुरनावदा गांव का है. यहां एक सांड अचानक 60 फीट ऊंची पानी की ऊंची टंकी पर चढ़ गया. सांड को खड़ा देखकर ग्रामीणों में हड़कंप मच गया और मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई. इसे सुरक्षित नीचे उतारना पुलिस और ग्रामीणों के लिए चुनौती बन गया.
दो दिनों तक फंसा रहा सांड
सांड करीब दो दिनों तक पानी की टंकी पर फंसा रहा. उसे नीचे उतारने के लिए स्थानीय स्तर पर कई प्रयास किए गए लेकिन टंकी की ऊंचाई अधिक होने और सांड के नीचे नहीं आने के कारण सफलता नहीं मिल सकी. इसके बाद ग्रामीणों ने मामले की सूचना मानपुर पुलिस थाने को दी. जानकारी मिलते ही थाना प्रभारी सतीश कुमार दुबे के निर्देश पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची और सांड को सुरक्षित नीचे उतारने के प्रयास शुरू किए गए.
ये भी पढ़ें: श्योपुर में मिड-डे मील का खाना जमीन पर परोसने का मामला, प्रभारी प्राचार्य सस्पेंड, स्व-सहायता समूह का टेंडर रद्द
सांड को दी गई बेहोशी की दवा
पुलिस ने पशु चिकित्सा विभाग की मदद लेने का फैसला लिया. पशु चिकित्सक सचिन उपाध्याय को मौके पर बुलाया गया. टीम ने सांड की स्थिति का आकलन करने के बाद उसे नियंत्रित करने के लिए बेहोशी की दवा दी गई. दवा का असर होने के बाद पुलिस, ग्रामीणों और पशु चिकित्सा टीम ने सावधानीपूर्वक सांड को पानी की टंकी से नीचे उतारने की कार्रवाई शुरू की. 42 घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद सांड को क्रेन से सुरक्षित जमीन पर उतार लिया गया. राहत की बात यह रही कि सांड को किसी गंभीर चोट की सूचना नहीं है और फिलहाल उसकी स्थिति सुरक्षित बताई जा रही है.