इंदौर की ACP के लापता पति राजस्थान में मिले, पत्नी से झगड़े के बाद सरकारी जीप लेकर घर से निकल गए थे
सांकेतिक तस्वीर.
Indore: इंदौर की एसीपी के पति अचानक लापता हो गए. रविवार की रात पति-पत्नी के बीच किसी बात को लेकर विवाद हुआ था. जिसके बाद एसीपी के पति गुस्से में सरकारी जीप लेकर घर से निकल गए. काफी खोजबीन के बाद भी उनका पता नहीं चला. इसके बाद महिला एसीपी ने आजाद नगर थाने में शिकायत दर्ज करवाई. एसीपी के पति की तलाश के लिए दो टीमें भी बनाई गईं. पुलिस ने जब मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की तो वह राजस्थान की निकली.
पति को ढूंढने के लिए खुद निकलीं ACP
दरअसल इंदौर की एक महिला एसपी का बंगला पीटीसी इलाके में है. रविवार की रात को एसीपी अपने परिवार के साथ ही बंगले पर मौजूद थीं. इस दौरान महिला एसीपी का अपने पति के साथ विवाद हो गया. इसके बाद एसीपी के पति बिना बताए सरकारी गाड़ी लेकर घर से चले गए. महिला ने शिकायत दर्ज की तो दो पुलिस की दो टीमें भी उन्हें ढूंढने में जुट गईं. लेकिन पता नहीं चल सका. इसके बाद पति के मोबाइल की लोकेशन ट्रेस की गई. एसीपी के पति की मोबाइल लोकेशन राजस्थान के डग-बड़ौद क्षेत्र की पता चली. इसके बाद पुलिस की एक टीम बनाई गई. एसीपी खुद अपने पति को ढूंढने के लिए टीम के साथ राजस्थान रवाना हुईं.
राजस्थान के निंबाहेड़ा इलाके में मिले ACP के पति
मोबाइल ट्रेस करने के बाद जब एसीपी पुलिस टीम के साथ पति को ढूंढने के लिए रवाना हो गईं. इसके बाद डग-बड़ौद क्षेत्र के आसपास भी काफी खोजबीन की गई. पति की करंट लोकेशन राजस्थान के चित्तौड़ जिले के निंबाहेड़ा में मिली. जिसके बाद एसीपी ने टीम के साथ जाकर पति को बरामद किया.
दरअसल एसीपी से विवाद के बाद पति कुछ ऐसी बातें बोलकर निकले थे, जिससे अनहोनी की आशंका थी. जिसके कारण एसीपी परेशान हो गईं थीं. हालांकि पुलिस की तरफ से अभी तक इस घटना को लेकर औपचारिक रूप से कोई भी जानकारी नहीं दी गई है.
ये भी पढ़ें: ‘गाड़ी में AC नहीं चलाता…’, जेब में प्याज लेकर क्यों घूम रहे ज्योतिरादित्य सिंधिया? Video