इंदौर में ट्रक से सड़क पर गिरा केमिकल, राहगीरों की आंखों में हुई जलन, 5 हजार लीटर पानी से हुई सफाई
5 हजार लीटर पानी से हुई सफाई
Indore News: इंदौर के लसूडिया इलाके में शनिवार को एक ट्रक से केमिकल सड़क पर गिरने से हड़कंप मच गया. केमिकल के संपर्क में आने के बाद सड़क से गुजर रहे कुछ लोगों ने आंखों में जलन और खुजली की शिकायत की. सूचना मिलते ही लसूडिया पुलिस, नगर निगम और फायर ब्रिगेड की टीमें मौके पर पहुंचीं और स्थिति को संभाला.
ट्रक से रिसकर सड़क पर गिरा केमिकल
विजय नगर एसीपी पराग सैनी के अनुसार, शनिवार दोपहर लसूडिया थाने के सामने पंचवटी क्षेत्र से एक ट्रक गुजर रहा था. इसी दौरान ट्रक से केमिकल सड़क पर रिसकर गिरने लगा. कुछ देर बाद वहां से गुजरने वाले लोगों को इसकी वजह से आंखों में जलन और खुजली की परेशानी होने लगी.
पुलिस और फायर ब्रिगेड ने संभाला मोर्चा
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और नगर निगम की टीम के साथ फायर ब्रिगेड को भी मौके पर बुलाया गया. टीमों ने प्रभावित सड़क को पानी से धोकर केमिकल के असर को कम किया. फायर ब्रिगेड के मुताबिक, करीब 5 हजार लीटर पानी का इस्तेमाल कर सड़क की सफाई की गई.
मांगलिया की ओर जा रहा था ट्रक
पुलिस के अनुसार, संबंधित ट्रक मांगलिया की ओर जा रहा था. फिलहाल यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि ट्रक में किस तरह का केमिकल भरा हुआ था और वह सड़क पर किस वजह से गिरा. ट्रक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाली जा रही है.
ट्रक की तलाश में जुटी पुलिस
फायर ब्रिगेड की टीम ने सड़क से केमिकल साफ करने के बाद स्थिति सामान्य कराई. फिलहाल ट्रक और उसमें मौजूद केमिकल से जुड़ी विस्तृत जानकारी सामने नहीं आई है. पुलिस मामले की जांच कर रही है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर ट्रक की पहचान करने का प्रयास किया जा रहा है.
ये भी पढे़ं- बड़वानी में मानवता शर्मसार, 5 महीने का भ्रूण मुंह में दबाकर घूमता मिला कुत्ता, भ्रूण पर लगी है अस्पताल की सील