खरगोन: गांव में रातोंरात घुस गया शेर, घरों में छिपे रहे ग्रामीण, सुबह सच पता चला तो रह गए हैरान
एआई से बनाई गई तस्वीर
मध्य प्रदेश के खरगोन जिले से एक ऐसी खबर सामने आई जिसने सभी को हैरान कर दिया है. आज के समय में दिन-प्रतिदिन एआई का इस्तेमाल बढ़ता जा रहा है. लेकिन कई बार एआई बहुत घातक साबित हो जाता है. खरगोन से जो मामला सामने आया उसमें कुछ ऐसा ही हुआ है. दरअसल यहां पर एक बच्चे ने गांव की सड़क पर बैठे हुए एक शेर की तस्वीर सोशल मडिया पर पोस्ट कर दी. इस एआई से बनी इस तस्वीर ने पूरे गांव में दहशत फैला दी.
कसरावद तहसील के ग्राम पानवा का मामला
मामला खरगोन जिले के कसरावद तहसील के ग्राम पानवा का है. गांव में शेर आने की खबर तेजी से फैली तो लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया. लोग इतना डर गए कि पूरी रात घरों में दुबके रहे और तो और किसान अपने खेतों में जाने से डरने लगे. बाद में वन विभाग की जांच में इस बात का खुलासा हुआ कि जिस शेर की तस्वीर देखकर लोग डर रहे थे वह असली नहीं बल्कि एआई से बनाई गई थी.

13 साल के किशोर की शरारत
यह हरकत गांव के ही एक 13 साल के लड़के ने की थी. इस मामले पर एसडीएम अनिल जैन ने तुरंत संज्ञान लेते हुए वन विभाग को जांच के निर्देश दिए थे. इसके बाद वन परिक्षेत्र अधिकारी शंकर सिंह चौहान के नेतृत्व में वन विभाग की टीम गांव पहुंची. टीम ने कथित रूप से शेर देखे जाने वाले स्थान का निरीक्षण किया और तस्वीर वायरल करने वाले किशोर के मोबाइल फोन की जांच की.
इस क्षेत्र में शेरों का प्राकृतिक रहवास नहीं-वनमंडलाधिकारी
पहले तो किशोर ने वास्तव शेर देखने की बात कही, लेकिन बाद में जब उससे पूछताछ की गई तो उसने स्वीकार किया कि उसने एआई की मदद से शेर की तस्वीर बनाई थी और उसे गांव के सोशल मीडिया समूह में डाल दिया था. वनमंडलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि इस क्षेत्र में शेरों का प्राकृतिक रहवास नहीं है. यहां तेंदुए पाए जाते हैं. ऐसे में शेर की मौजूदगी को लेकर फैली खबर पूरी तरह भ्रामक थी.



