Dhar News: खलघाट-मनावर मार्ग पर दर्दनाक सड़क हादसा, दो बाइकों की टक्कर में 3 की मौत, महिला घायल
धरमपुरी में दर्दनाक सड़क हादसा
रिपोर्ट – जफर अली, धार
Dhar News: धार जिले के धरमपुरी थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसे में तीन लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई. हादसा खलघाट-मनावर मार्ग पर हटनावर फाटे के समीप दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर से हुआ.
क्या हुआ हादसे में?
प्राप्त जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 3 बजे खलघाट से मनावर की ओर जा रहे दो बाइक सवार आपस में टकरा गए. टक्कर इतनी भीषण थी कि तीन लोगों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया. हादसे की आवाज सुनकर आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी.
स्थानीय लोगों की मदद से घायल महिला और मृतकों के शव को धरमपुरी के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया. जहां डॉक्टरों ने तीन लोगों को मृत घोषित कर दिया, वहीं घायल महिला का उपचार जारी है.
एक मृतक की पहचान, दो अज्ञात
थाना प्रभारी संतोष सिंह यादव ने बताया कि मृतकों में एक की पहचान लोकेश पिता रमेश, उम्र 50 वर्ष, निवासी बाकानेर के रूप में हुई है. लोकेश अपनी पत्नी सरिता के साथ बाइक से बाकानेर जा रहा था. हादसे में लोकेश की मौत हो गई, जबकि पत्नी सरिता घायल है.
वहीं, दूसरी बाइक पर सवार दो अन्य युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जिनकी अभी तक शिनाख्त नहीं हो पाई है. दोनों मृतकों के शवों को पोस्टमार्टम रूम में रखवाया गया है और उनकी पहचान के प्रयास किए जा रहे हैं.
पुलिस जांच में जुटी
घटना की सूचना मिलते ही थाना प्रभारी संतोष सिंह यादव पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया. पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है. प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाना हादसे की वजह माना जा रहा है.
पुलिस अज्ञात मृतकों की पहचान के लिए आसपास के थानों में सूचना भेज रही है. साथ ही प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर हादसे के कारणों की जांच की जा रही है.
ये भी पढे़ं- धार में नाबालिग लड़की का अपहरण करने वाले मामा-भांजे गिरफ्तार, 20 दिन से दोनों फरार थे