स्केटिंग से 12 ज्योतिर्लिंग के दर्शन के लिए निकले 2 युवक, बोले – सनातन धर्म और गौ माता को राष्ट्र माता बनाने का संकल्प

MP News: स्केटिंग के जरिए दोनों युवा देश के 12 ज्योतिर्लिंग, चार धाम और अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करने का संकल्प लेकर निकले हैं.
Young man skating

स्केटिंग करते युवक

MP News: बिहार के समस्तीपुर के रहने वाले अमन और उनके साथी गणेश ने भक्ति और देश भ्रमण को जोड़ते हुए एक अनोखी यात्रा शुरू की है. स्केटिंग के जरिए दोनों युवा देश के 12 ज्योतिर्लिंग, चार धाम और अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों के दर्शन करने का संकल्प लेकर निकले हैं. इनका कहना है कि यात्रा का मकसद सिर्फ धार्मिक स्थलों के दर्शन करना नहीं, बल्कि युवाओं को भक्ति, संस्कार और नशामुक्ति का संदेश देना भी है.

पहले यात्री अमन ने कहा – युवा अपनी संस्‍कृति और भक्त‍ि से जुड़े

यात्रा पर निकले अमन ने कहा कि मैं बिहार समस्तीपुर से पूरे भारत के 12 ज्योतिर्लिंग, चार धाम और अन्य तीर्थ स्थलों की स्केटिंग के माध्यम से यात्रा कर रहा हूं. हमारा उद्देश्य सनातन धर्म और भक्ति का संदेश लोगों तक पहुंचाना है. अमन का कहना है कि वह सनातन धर्म में आस्था रखते हैं और चाहते हैं कि युवा भी अपनी संस्कृति और भक्ति से जुड़े रहें. उनका संदेश है कि युवा गलत आदतों से दूर रहें और देश को करीब से जानने के साथ-साथ धार्मिक और सांस्कृतिक विरासत को भी समझें.

अमन ने कहा कि सनातन धर्म में जितने भी भगवान हैं, हम सभी को मानते हैं. हमारा उद्देश्य है कि ज्यादा से ज्यादा भाई ऐसी यात्रा करें और भक्ति में रहें. देश में जो गलत चीजें होती हैं, उनसे दूर रहें. इसी उद्देश्य से हम भारत घूमने और देखने के लिए यह यात्रा कर रहे हैं.

12 ज्योतिर्लिंग पर निकला हूं – यात्री गणेश

वहीं, दूसरे यात्री गणेश खुद को ‘गणेश स्केटर 94’ के नाम से पहचानते हैं. गणेश भी 12 ज्योतिर्लिंग और चार धाम की यात्रा के संकल्प के साथ स्केटिंग करते हुए देश के अलग-अलग राज्यों का सफर कर रहे हैं. उनके संकल्प में सनातन धर्म के साथ गौ माता के सम्मान, नशामुक्ति और माता-पिता के प्रति समर्पण का संदेश भी शामिल है.

गणेश ने कहा कि अभी 12 ज्योतिर्लिंग और चार धाम की यात्रा करते-करते मध्य प्रदेश की धरती पर खड़ा हूं. मेरा संकल्प सनातन धर्म और गौ माता को राष्ट्र माता बनाने का है. इसके बाद नशामुक्ति, अपने माता-पिता और अपने लिए, और भारत को घूमने और देखने के लिए यह यात्रा कर रहा हूं.

गणेश ने बताया कि उनकी यात्रा बिहार से शुरू हुई और अब तक कई राज्यों को पार कर चुके हैं. बिहार से झारखंड, झारखंड से उत्तर प्रदेश, उत्तर प्रदेश से उत्तराखंड, फिर हरियाणा, राजस्थान और गुजरात होते हुए अब दोनों मध्य प्रदेश पहुंचे हैं. स्केटिंग के जरिए इतनी लंबी दूरी तय करना अपने आप में एक चुनौती है, लेकिन धार्मिक आस्था और संकल्प इनके हौसले को लगातार मजबूत कर रहा है.

जुनून और संकल्‍प ने खींचा ध्‍यान

स्केटिंग के जरिए देश के धार्मिक स्थलों की यात्रा और युवाओं को भक्ति, नशामुक्ति और संस्कृति से जोड़ने का संदेश देने निकले ये युवा अब मध्य प्रदेश की धरती पर हैं. इनकी यात्रा कितनी लंबी होगी और आगे कौन-कौन से तीर्थ स्थल इनके पड़ाव बनेंगे, यह तो आने वाला वक्त बताएगा. लेकिन इनका जुनून और संकल्प निश्चित तौर पर लोगों का ध्यान अपनी ओर खींच रहा है.

ये भी पढे़ं- ‘पहले पश्चाताप यात्रा निकालें’, BJP नेता अजय सिंह यादव ने कहा – दिग्विजय सिंह की ‘सनातन स्वाभिमान यात्रा’ राजनीतिक प्रपंच

ज़रूर पढ़ें