जबलपुर को 20 इलेक्ट्रिक बसों की सौगात! हर 15 मिनट में मिलेगी बस, ये रहेंगे रूट्स
जबलपुर को मिलेंगी 20 नई बसों की सौगात
Jabalpur 20 Electric Buses: जबलपुर की परिवहन व्यवस्था को नया आकार और आयाम मिलने वाला है. शहर को 10 से 15 दिनों के भीतर 20 नई इलेक्ट्रिक बसें मिल जाएंगी. इसके लिए आधारभूत संरचना का निर्माण कार्य किया जा रहा है जो कि अंतिम चरण में है. इसके साथ ही कठौंदा में चार्जिंग स्टेशन बनाया जा रहा है.
100 में से 20 बसों की पहली खेप
दरअसल, जबलपुर में यात्री सुविधा विस्तार के लिए 100 बसों की सौगात मिलने वाली है. इनमें से 20 बसों की खेप सबसे पहले मिलेगी. ये बसें 9 मीटर लंबी होंगी. ये बसें उन रूट्स पर भी चल सकती हैं जहां बड़ी सिटी बसों को दिक्कतों का सामना करना पड़ता है. जबलपुर सिटी ट्रांसपोर्ट सर्विस लिमिटेड के अधिकारियों का कहना है कि इससे यात्रियों को आधुनिक और आरामदायक परिवहन व्यवस्था मिल सकेगी.
हर 15 मिनट में उपलब्ध रहेगी बस
इन इलेक्ट्रिक बसों के संचालन से डीजल की खपत कम होगी. इससे ईंधन की बचत होगी और प्रदूषण में कमी आएगी. पर्यावरण को लाभ मिलेगा. नई बसें शहर के अधिकांश शहर को कवर करेंगी. हर यात्री के लिए 10 से 15 मिनट के भीतर बस उपलब्ध रहेगी. पहले से संचालित हो रहीं 55 बसों का संचालन होता रहेगा.
ये भी पढ़ें: आर्थिक तंगी भी नहीं आई आड़े! जबलपुर के ओम को NEET एग्जाम में मिली सफलता, हासिल किए 521 अंक
इन रूट्स पर चलेंगी बसें
नई इलेक्ट्रिक बसें मदर टेरेसा से रांझी, इंटरस्टेट बस टर्मिनल से भेड़ाघाट, गौरीघाट, रेलवे स्टेशन से पाटन, बरगी डैम, शहपुरा और बरेला जैसे रूटों पर चलेगी. इससे शहर और आसपास के क्षेत्रों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी.
बसों में क्या-क्या सुविधाएं होंगी?
इलेक्ट्रिक बसें पूरी तरह डिजिटल होंगी. इनमें ऑटोमैटिक फेयर कलेक्शन सिस्टम, डिजिटल पेमेंट ऑप्शन, CCTV, पैनिक बटन, GPS ट्रैकिंग, डिस्प्ले बोर्ड आदि की सुविधाएं होंगी.