समोसा खाता रह गया दूल्हा, साढ़े 3 लाख के गहने समेट पार्लर से प्रेमी संग फरार हो गई दुल्हन

Jabalpur News: यह मामला गोसलपुर थाना क्षेत्र का है. बरेला निवासी पीड़ित गौतम यादव की शादी 21 जून को हुई थी. 23 जून को पूरा परिवार एक शादी समारोह में शामिल हुआ. अगले दिन सबने बंजारिन माता मंदिर जाने का प्लान बनाया. इसी दौरान पति-पत्नी शादी की तस्वीरें खिंचवाने के लिए स्टूडियो पहुंचे थे.
symbolic image

सांकेतिक तस्वीर

Jabalpur News: मध्य प्रदेश के जबलपुर जिले से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है. दुल्हन के हाथों में लगी शादी की मेहंदी अभी छूटी भी नहीं थी कि वह अपने पति को चकमा देकर फरार हो गई. दुल्हन के भागने की कहानी सुनकर हर कोई सोचने पर मजबूर है. दरअसल, शादी के दो दिन बाद ही दुल्हन अपने पति के साथ मेकअप के लिए एक ब्यूटी पार्लर गई हुई थी. उसने अपने पति को बाहर इंतजार करने के लिए कहा.

इस बीच पति पास की ही एक दुकान पर समोसा खाने लगा. आधे घंटे से अधिक का समय बीत जाने के बाद भी जब पत्नी वापस नहीं लौटी, तो पति हैरान हो गया. काफी तलाश के बाद भी दुल्हन का कुछ पता नहीं चल सका, जिसके बाद इस पूरे मामले की जानकारी पुलिस को दी गई.

क्या है पूरा मामला?

यह मामला गोसलपुर थाना क्षेत्र का है. बरेला निवासी पीड़ित गौतम यादव की शादी 21 जून को हुई थी. 23 जून को पूरा परिवार एक शादी समारोह में शामिल हुआ. अगले दिन सबने बंजारिन माता मंदिर जाने का प्लान बनाया. इसी दौरान पति-पत्नी शादी की तस्वीरें खिंचवाने के लिए स्टूडियो पहुंचे थे.

ब्यूटी पार्लर में मेकअप करवाने गई थी दुल्हन

गौतम के मुताबिक, दोनों कपल फोटोशूट के लिए स्टूडियो पहुंचे ही थे कि नई नवेली दुल्हन ने एक अजीब फरमाइश कर दी. उसने कहा कि फोटो खिंचवाने से पहले वह थोड़ा सजने-संवरने पार्लर जा रही है. गौतम ने जब साथ चलने की जिद की, तो दुल्हन ने उसे यह कहकर टाल दिया कि वह सिर्फ 10-15 मिनट में जल्दी से लौट आएगी. अपनी पत्नी के बातों में आकर पति वहीं रुक गया और पास के एक ठेले पर टाइमपास करने के लिए समोसे खाने लगा.

ससुराल भी नहीं गई दुल्हन

आधा घंटा बीतने पर भी जब दुल्हन नहीं लौटी, तो शुरुआत में गौतम ने सोचा कि शायद तैयार होने में समय लग रहा है. लेकिन काफी देर होने पर उसने पार्लर और आसपास के बाजार में खोजबीन शुरू की. जब पत्नी का कोई सुराग नहीं मिला, तो उसने घबराकर ससुराल फोन किया, लेकिन वहां भी किसी को कुछ नहीं पता था.

साढ़े तीन लाख रुपए के सोने के गहने लेकर भागी

गौतम ने बताया कि उसकी बीवी अपने साथ करीब साढ़े तीन लाख रुपए के सोने के गहने लेकर भागी है. हर जगह ढूंढने के बाद भी जब उसका कोई पता नहीं चला, तो उसने गोसलपुर और बरेला दोनों थानों में चक्कर काटकर पुलिस को इसकी रिपोर्ट दी. बेचारा पति अब रोज भगवान से उसके वापस आने की दुआ कर रहा है और पुलिस से उसे ढूंढने की मिन्नतें कर रहा है. गौतम को पक्का यकीन है कि उसकी पत्नी अपने प्रेमी के साथ रफूचक्कर हुई है.

ये भी पढ़ें-सिर में दर्द हुआ तो खा ली सल्फास की गोली, सागर में अस्पताल में इलाज के दौरान महिला की मौत

पुलिस दुल्हन की तलाश कर रही है

इस मामले पर गोसलपुर थाना प्रभारी गजावती पुसाम ने कहा कि पति की रिपोर्ट पर महिला की गुमशुदगी का केस दर्ज कर लिया गया है. पुलिस अब दुल्हन को हर जगह तलाश रही है. उसके रिश्तेदारों और मिलने-जुलने वालों से पूछताछ की जा रही है. पुलिस का कहना है कि पूरी जांच के बाद ही साफ हो पाएगा कि दुल्हन अपनी मर्जी से किसी के साथ भागी है या फिर कोई दूसरा कारण है.

ज़रूर पढ़ें