सिवनी में किचन का दरवाजा तोड़कर अंदर घुसे, दही खाया और फिर 75 लाख के जेवर ले उड़े
आलमारी का लॉकर तोड़कर चोर 75 लाख के जेवर ले उड़े.
Input- संजीव क्रिडिया
MP News: मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में चोरों ने एक घर में 76 लाख से ज्यादा की चोरी की वारदात को फिल्मी अंदाज में अंजाम दिया है. आरोपियों ने मेन गेट को बाहर से बंद किया और फिर खुद किचना का दरवाजा तोड़कर घर के अंदर दाखिल हुए. बदमाशों ने अंदर जाकर अलग-अलग कमरों को भी बाहर से बंद कर दिया. इसके बाद आलमारी से 75 लाख के जेवर और डेढ़ लाख कैश लेकर फरार हो गए.
42 तोला सोना, तीन किलो चांदी चोरी
पूरा मामला केवलारी रेलवे स्टैंड बिनेकी रोड का है. यहां अशोक तिवारी के घर में शनिवार रात चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया. चोर आधी रात पहुंचे थे. वारदात के दौरान कोई व्यक्ति बाहर से अंदर ना आए, इसके लिए शातिर चोरों ने मेन गेट बाहर से बंद कर दिया. इसके बाद किचन का दरवाजा तोड़ा और अंदर दाखिल हुए और आलमारी तोड़कर करीब 42 तोला सोना और तीन किलो चांदी चोरी कर ले गए. जबकि ज्वेलरी के खाली बॉक्स घर के बाहर ही छोड़ दिए. अशोक तिवारी के घरवाले सुबह उठे तो उन्हें चोरी की जानकारी हुई.
चोरी के बाद किचन में रखे दही का मजा लिया
घर में रखी आलमारी में जेवर और कैश पर हाथ साफ करने के बाद चोर वापस फिर किचन में गए. इस दौरान आरोपी किचन में रखा सारा दही खा गए. वहीं चोरी के बाद घरवालों ने पुलिस को सूचना दी. जिसके बाद पुलिस कप्तान कृष्ण लाल चंदानी ने भी खुद मौके पर जाकर घर का मुआयना किया. पुलिस का कहना है कि शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है. घर में आने-जाने वाले हर व्यक्ति से पूछताछ की जा रही है. आसपास के सीसीटीवी भी चेक किए जा रहे हैं. पुलिस का दावा है कि जल्द ही आरोपियों की पहचान करके उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा.
ये भी पढे़ं: नवविवाहित जोड़े ने जहर खाकर जान दी, पन्ना में सुसाइड के कारणों का पता नहीं चल सका