Mandla News: मंडला में EOW की बड़ी कार्रवाई, वन विभाग कर्मचारी के घर से 5 लाख नकद, 200 ग्राम सोना बरामद
mandla / image source: vistaar news input
रिपोर्ट- आर. के. बघेल
Mandla News: जबलपुर आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ EOW की टीम ने आज सुबह मंडला में वन विभाग के सहायक ग्रेड-3 कर्मचारी श्वेतांक चौरसिया के राज राजेश्वरी वार्ड स्थित घर पर छापामार कार्रवाई की. यह कार्रवाई आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत के बाद की गई है. EOW की टीम सुबह से ही घर में दस्तावेजों और संपत्तियों से जुड़े रिकॉर्ड की जांच कर रही है.
आय से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत
DSP मंजीत सिंह ने बताया कि चौरसिया के खिलाफ EOW जबलपुर में आय के ज्ञात स्रोतों से अधिक संपत्ति अर्जित करने की शिकायत मिली थी. गोपनीय जांच में उनकी आय की तुलना में खर्च करीब 290 प्रतिशत अधिक पाया गया. इसके बाद मंडला न्यायालय से तलाशी वारंट प्राप्त कर सुबह सर्च की कार्रवाई शुरू की गई.
तलाशी के दौरान घर से करीब 5 लाख रुपये नकद, 150 से 200 ग्राम सोना और 3 से 4 किलो चांदी मिलने की जानकारी सामने आई है. इसके अलावा तीन वाहन, LIC की पॉलिसियां, चार बैंक खाते और संपत्ति से जुड़े कई दस्तावेज भी मिले हैं.
अन्य निवेशों की भी जानकारी जुटाई जा रही
बैंक लॉकर और अन्य निवेशों की भी जानकारी जुटाई जा रही है. EOW के मुताबिक, चौरसिया के पास करीब 55 से 60 लाख रुपये की वैधानिक आय है. जांच में करीब 50 लाख रुपये की दुकान खरीदने की जानकारी भी सामने आई है. आरोप है कि इस संपत्ति की खरीद में बड़ी मात्रा में नकद भुगतान किया गया. EOW करीब 45 से 50 लाख रुपये के कथित कैश भुगतान और रजिस्ट्री में दर्शाई गई संपत्ति की कीमत की भी जांच कर रही है.
ब्यूटी पार्लर से जुड़े आय की पड़ताल
जांच के दौरान चौरसिया की पत्नी द्वारा संचालित ब्यूटी पार्लर से जुड़े खर्च और आय की भी पड़ताल की जा रही है. EOW के मुताबिक ब्यूटी पार्लर से संबंधित आय के दस्तावेज और पंजीयन की जानकारी भी जांच का हिस्सा है. पार्लर में मौजूद सामान और अन्य सामग्री का मूल्यांकन किया जा रहा है.
DSP मंजीत सिंह ने यह भी बताया कि प्रारंभिक जांच में खर्च आय से करीब 290 प्रतिशत अधिक मिला था. तलाशी में सामने आ रही संपत्तियों और खर्चों का मूल्यांकन पूरा होने के बाद यह अनुपात 400 प्रतिशत या उससे अधिक पहुंचने की संभावना है. फिलहाल EOW की कार्रवाई जारी है. जांच और वैल्यूएशन पूरा होने के बाद ही आय से अधिक संपत्ति की वास्तविक मात्रा स्पष्ट हो सकेगी.
ये भी पढ़ें:राम मंदिर CEO इंटरव्यू में धर्म की परीक्षा? शराब से जनेऊ तक पूछे गए कई तरह के सवाल