सिवनी में खाद की कालाबाजारी का खेल! किसान बनकर दुकान पहुंचे अधिकारी, FIR दर्ज, गोदाम किए गए सील
सिवनी: खाद की कालाबाजारी पर एक्शन
Seoni News (संजीव क्रिडिया की रिपोर्ट): खरीफ सीजन की शुरुआत के साथ ही खाद की कालाबाजारी के मामले सामने आने लगी हैं. सिवनी जिले के बंडोल क्षेत्र में कृषि विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए डीएपी खाद को निर्धारित मूल्य से अधिक दर पर बेचने और बिना दस्तावेजों के भंडारण करने वाले दो दुकानदारों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कराई है. विभाग ने दोनों के गोदामों को सील कर दिया है.
किसान बनकर पहुंचे अधिकारी
जानकारी के अनुसार कृषि विभाग को लगातार शिकायतें मिल रही थीं कि बंडोल में किसानों को डीएपी खाद निर्धारित कीमत से अधिक दर पर बेची जा रही है. शिकायतों की पुष्टि के लिए विभाग ने विशेष जांच अभियान चलाया. सहायक संचालक पवन कुमार कौरव किसान बनकर साहू कृषि केंद्र पहुंचे. यहां दुकान संचालक अमित साहू ने डीएपी खाद की एक बोरी की कीमत 2400 रुपये बताई. कौरव ने दो बोरियों के लिए 4800 रुपये का ऑनलाइन भुगतान किया. इसके बाद उन्हें खाद गोदाम से लेने के लिए कहा गया.
इसी तरह सहायक संचालक प्रफुल्ल घोड़ेश्वर ग्राहक बनकर साहू ट्रेडर्स एवं कृषि केंद्र पहुंचे. यहां संचालक रोहित कुमार ने डीएपी की एक बोरी 2500 रुपये में बेचने की बात कही. घोड़ेश्वर ने दो बोरियों के लिए 5000 रुपये का ऑनलाइन भुगतान भी कर दिया. दुकानदारों ने खाद गोदाम से उठाने के लिए ऑटो चालकों की व्यवस्था करने की बात कही.
तय कीमत से ज्यादा में बेच रहे थे खाद
जैसे ही दोनों दुकानदारों ने खाद की आपूर्ति की प्रक्रिया शुरू की, कृषि विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर कार्रवाई शुरू कर दी. जांच में सामने आया कि दोनों दुकानदार डीएपी खाद को निर्धारित दर से अधिक कीमत पर बेच रहे थे और खाद के भंडारण एवं बिक्री से संबंधित आवश्यक दस्तावेज भी उनके पास नहीं थे.
दुकानों में भारी मात्रा में स्टॉक बरामद
विभागीय जांच के दौरान साहू कृषि केंद्र के गोदाम से विभिन्न कंपनियों की डीएपी खाद की 45 बोरियां तथा सिंगल सुपर फास्फेट और एनपीके खाद की 114 बोरियां बरामद हुईं. वहीं दूसरे केंद्र के गोदाम में डीएपी की 125 बोरियां और अन्य खाद की 204 बोरियां मिलीं. जांच अधिकारियों ने पाया कि खाद का स्टॉक ऑनलाइन पोर्टल और ई-विकास पोर्टल पर भी दर्ज नहीं था, जिससे अनियमितता और कालाबाजारी की आशंका और मजबूत हो गई.
ये भी पढ़ें: सिवनी मेडिकल कॉलेज को मिली नई रफ्तार, दूसरे चरण के लिए 300 करोड़ रुपये मंजूर
गोदाम को सील कर दिया गया
कृषि विभाग ने दोनों दुकानदारों के खिलाफ बंडोल थाने में एफआईआर दर्ज कराते हुए उनके गोदाम सील कर दिए हैं. अधिकारियों का कहना है कि किसानों के हितों के साथ खिलवाड़ करने वालों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी.