राष्ट्रीय उद्यानों में EV के उपयोग की उठी मांग, रीवा के महाराजा और पूर्व मंत्री ने प्रधानमंत्री मोदी को लिखा पत्र
रीवा महाराजा और पूर्व मंत्री पुष्पराज सिंह ने पीएम मोदी को लिखा खत
MP News: रीवा के महाराजा और पूर्व मंत्री पुष्पराज सिंह ने देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम एक पत्र लिखा, जो बेहद चर्चा में है. दरअसल, ईंधन को लेकर देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आवाहन के बाद लोग ई-व्हीकल का उपयोग कर रहे हैं. पूर्व मंत्री ने कहा कि देश में जो राष्ट्रीय उद्यान हैं, उनमें ई-व्हीकल उपयोग होना चाहिए.
पूर्व मंत्री ने पत्र में क्या लिखा?
आज पूरे देशवासी वर्तमान कठिन परिस्थितियों में आपके नेतृत्व, दूरदृष्टि एवं राष्ट्रहित में लिए जा रहे निर्णयों की सराहना कर रहे हैं. जिस प्रकार आपने देश को मजबूती से संभालने का बीड़ा उठाया है, वह हम सभी के लिए प्रेरणास्रोत है. इसी संदर्भ में हम सभी की आपसे विनम्र प्रार्थना है कि आपने अपने काफिले में जो कटौती की है, उस पर पुनर्विचार किया जाए.
उन्होंने आगे लिखा, आप देश की आशा, विश्वास एवं शक्ति हैं. आपकी सुरक्षा हम सबके लिए सर्वोपरि है. हम बाबा विश्वनाथ एवं बाबा महामृत्युंजय से आपके उत्तम स्वास्थ्य एवं सुरक्षित रहने की निरंतर प्रार्थना करते हैं. महोदय, आपने ईंधन की बचत एवं पर्यावरण संरक्षण हेतु ई-व्हीकल के उपयोग को बढ़ावा देने की जो प्रेरणा दी है, वह अत्यंत सराहनीय है.
ये भी पढ़ेंः MP में काफिला निकालने पर BJP के 7 नेता तलब, PM की अपील के बाद संगठन और सरकार सख्त; प्रदेश अध्यक्ष के सामने देंगे जवाब
पत्र लिख दिया सुझाव
इसी संदर्भ में मेरा एक विनम्र सुझाव है कि मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र एवं राजस्थान में स्थित विंध्याचल एवं अरावली पर्वत श्रृंखलाओं के अंतर्गत आने वाले राष्ट्रीय उद्यानों में ई-व्हीकल आधारित पर्यटन को प्रोत्साहित किया जाए. इन राष्ट्रीय उद्यानों में देश-विदेश से भारी संख्या में पर्यटक बाघ एवं अन्य वन्यजीवों को देखने तथा प्राकृतिक सौंदर्य का आनंद लेने आते हैं. यदि प्रत्येक राष्ट्रीय उद्यान में कम से कम 2 या 3 प्रवेश द्वार ऐसे निर्धारित किए जाएं जहां केवल ई-व्हीकल को अनुमति मिले, तो इससे हजारों गैलन ईंधन की बचत होगी तथा ध्वनि एवं वायु प्रदूषण में भी उल्लेखनीय कमी आएगी.
मोटर कंपनियों के साथ एक बैठक जरूरी
पूर्व मंत्री ने लिखा, आप के मार्गदर्शन में वाहन निर्माताओं- Maruti Suzuki, Mahindra & Mahindra एवं Force Motors के साथ एक बैठक आयोजित हो, और उनसे विशेष रूप से एडवेंचर, वाइल्डलाइफ एवं इको-टूरिज्म के लिए ई-जिप्सी जैसे वाहनों के निर्माण का आग्रह किया जाए, तो यह “विकसित भारत” की परिकल्पना को और अधिक सशक्त करेगा. इसी के साथ पूर्व मंत्री ने प्रधानमंत्री का आभार व्यक्त किया.