प्रेमी के साथ मिलकर बेटी ने मां-बाप को दिया जहर! ऑडियो रिकॉर्डिंग के सामने आते ही हुआ खुलासा
मुरैना में माता-पिता को दिया जहर
मुरैना पोरसा क्षेत्र में एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक नाबालिग लड़की पर अपने ही माता-पिता को जहर देकर मारने की कोशिश करने का गंभीर आरोप लगा है. घटना के बाद क्षेत्र में हड़कंप मच गया था और पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई थी.
प्रेमी के साथ मिलकर रची साजिश
जानकारी के अनुसार 29 मार्च 2026 की रात नाबालिग लड़की ने कथित रूप से अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने माता-पिता के खाने में चूहा मार दवा मिला दी. खाना खाने के कुछ समय बाद ही दोनों की तबीयत अचानक बिगड़ गई, जिससे घर में अफरा-तफरी मच गई. परिजन उन्हें तत्काल पोरसा अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद हालत गंभीर होने पर उन्हें मुरैना रेफर किया गया और बाद में ग्वालियर भेजा गया.
हालत में सुधार
करीब चार दिन पूर्व उपचार के बाद दोनों की हालत में सुधार हुआ और वे पोरसा लौट आए. इसके बाद पीड़ित मां मिथिलेश प्रजापति पिता गब्बर प्रजापति थाना पोरसा पहुंचे और मामले की शिकायत दर्ज कराने की प्रक्रिया शुरू की गई.
ऑडियो रिकॉर्डिंग से हुआ खुलासा
पुलिस जांच के दौरान एक कथित ऑडियो रिकॉर्डिंग सामने आई, जिसमें नाबालिग लड़की अपने प्रेमी सुदामा पुत्र रवि कड़ेरा, निवासी घनेटा से चूहा मार दवा मांगने और उसे खिलाने की बातचीत करती सुनाई दे रही है. इस ऑडियो के सामने आने के बाद मामला और अधिक गंभीर हो गया.
पुलिस का बयान
थाना प्रभारी दिनेश सिंह कुशवाहा ने बताया कि 29 मार्च को जहर देने की घटना सामने आने के बाद से पुलिस लगातार जांच कर रही थी. उन्होंने बताया कि पीड़ित माता-पिता के औपचारिक बयान में देरी के कारण कार्रवाई लंबित थी, लेकिन जांच पूरी होने के बाद आज नाबालिग लड़की और उसके प्रेमी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है. घटना ने क्षेत्र में सनसनी फैला दी है. अब पुलिस द्वारा दर्ज किए गए मामले के बाद आगे की कार्रवाई पर सभी की नजर बनी हुई है.