MP News: होली से पहले एमपी में बस सेवा ठप होने का खतरा, 2 मार्च से निजी बस ऑपरेटरों ने दी हड़ताल की चेतावनी

MP News: मध्य प्रदेश निजी बस ऑपरेटर्स एसोसिएशन ने 22 फरवरी 2026 को सागर में हुई बैठक के बाद बड़ा निर्णय लिया है. संगठन का कहना है कि सरकार द्वारा स्टेट कैरिज बसों के संचालन के बाद लागू की जा रही नई नीति बस मालिकों के लिए दमनकारी है.
mp bus strike

होली से पहले बस संचालक कर सकते हैं हड़ताल

MP News: मध्य प्रदेश में होली के ठीक पहले आम यात्रियों की मुश्किलें बढ़ सकती हैं. 2 मार्च से प्रदेश भर में निजी बसों के पहिए थमने की आशंका है. नई मोटर व्हीकल नीति के विरोध में बस ऑपरेटरों ने सरकार को अल्टीमेटम दे दिया है. मांगें नहीं मानी गईं तो स्वेच्छा से बस संचालन बंद करने की चेतावनी भी दी गई है.

निजी बस ऑपरेटर्स एसोसिएशन ने आपत्ति जताई

मध्य प्रदेश निजी बस ऑपरेटर्स एसोसिएशन ने 22 फरवरी 2026 को सागर में हुई बैठक के बाद बड़ा निर्णय लिया है. संगठन का कहना है कि सरकार द्वारा स्टेट कैरिज बसों के संचालन के बाद लागू की जा रही नई नीति बस मालिकों के लिए दमनकारी है. एसोसिएशन ने 24 दिसंबर 2025 को प्रकाशित संशोधित नियमों और 29 जनवरी 2026 को किए गए संशोधनों पर आपत्ति जताई है.

संगठन की क्या मांग है?

उनका कहना है कि ये नियम बस ऑपरेटरों के हित में नहीं हैं और इससे परिवहन व्यवसाय पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ेगा. संगठन की मांग है कि इन संशोधनों को तत्काल निरस्त किया जाए और मोटरयान अधिनियम 1988 के तहत पूर्व व्यवस्था को यथावत रखा जाए. बस ऑपरेटरों का कहना है कि कई बार सक्षम अधिकारियों से चर्चा और निवेदन के बावजूद कोई समाधान नहीं निकला है. ऐसे में मजबूर होकर उन्हें यह निर्णय लेना पड़ रहा है.

ये भी पढ़ें-New Train: भोपाल से झारखंड की राह होगी आसान! आज से धनबाद और चोपन के लिए चलेंगी दो नई ट्रेनें

बस संचालकों ने चेतावनी दी

एसोसिएशन ने स्पष्ट किया है यदि 2 मार्च 2026 तक सरकार ने मांगें नहीं मानीं तो पूरे प्रदेश में निजी बसों का संचालन बंद कर दिया जाएगा. इसका सीधा असर होली के त्योहार पर यात्रा करने वाले हजारों यात्रियों पर पड़ सकता है. संगठन ने यह भी कहा है कि बसें बंद होने से आमजन को होने वाली असुविधा की जिम्मेदारी शासन-प्रशासन की होगी. अपनी मांगों को लेकर बस एसोसिएशन ने इंदौर कलेक्टर शिवम वर्मा को ज्ञापन सौंपकर जल्द समाधान की मांग की है.

ज़रूर पढ़ें