Heatwave Grips MP: एमपी में गर्मी के बीच पहली बार ‘वॉर्म नाइट’ अलर्ट, 9 शहरों में रात रहेगी गर्म, कई जिलों में 42 डिग्री पहुंचा तापमान
मौसम समाचार
MP Weather Heatwave Update: मध्य प्रदेश में इस बार गर्मी ने नया ट्रेंड दिखाना शुरू कर दिया है. भारतीय मौसम विभाग (IMD) के अनुसार, मंगलवार को भोपाल सहित 9 शहरों में पहली बार ‘वॉर्म नाइट’ की स्थिति बनने जा रही है, यानी रात के समय भी गर्मी से राहत नहीं मिलेगी. इन शहरों में भोपाल, सीहोर, रायसेन, नर्मदापुरम, छिंदवाड़ा, पांढुर्णा, सिवनी, मंडला और बालाघाट शामिल हैं. इससे पहले रविवार और सोमवार की रात को भी भोपाल, छिंदवाड़ा, मंडला और नर्मदापुरम में रात का तापमान सामान्य से अधिक दर्ज किया गया था.
वॉर्म नाइट क्या होती है?
मौसम विभाग के मुताबिक, जब रात का न्यूनतम तापमान सामान्य से 4.5 से 6.4 डिग्री सेल्सियस ज्यादा हो और दिन का तापमान 40 डिग्री या उससे ऊपर बना रहे, तब उसे ‘वॉर्म नाइट’ कहा जाता है. यदि यह अंतर 6.4 डिग्री से भी अधिक हो जाए, तो स्थिति ‘सीवियर वॉर्म नाइट’ मानी जाती है, हालांकि फिलहाल प्रदेश में ऐसी स्थिति नहीं बनी है.
सोमवार को कई शहरों में तेज गर्मी
सोमवार को भी प्रदेश के कई इलाकों में भीषण गर्मी देखने को मिली. छतरपुर जिले के खजुराहो में सबसे ज्यादा 43 डिग्री तापमान दर्ज हुआ. इसके अलावा दतिया में 42.3 डिग्री, रतलाम और सीधी में 42.2 डिग्री, रीवा और श्योपुर में 42 डिग्री, रायसेन में 41.6 डिग्री, नौगांव में 41.5 डिग्री और नरसिंहपुर में 41.4 डिग्री तापमान रिकॉर्ड किया गया.
बड़े शहरों का तापमान
बड़े शहरों की बात करें तो ग्वालियर सबसे गर्म रहा, जहां तापमान 42.5 डिग्री दर्ज किया गया. वहीं भोपाल में 39.8 डिग्री, इंदौर और उज्जैन में 39.5 डिग्री तथा जबलपुर में 38.5 डिग्री तापमान रहा.
आने वाले दिनों का पूर्वानुमान
आने वाले दिनों में भी गर्मी का असर और बढ़ने की संभावना है. 21 अप्रैल को डिंडौरी में हीटवेव का असर देखने को मिल सकता है, जहां तापमान 42 से 43 डिग्री तक पहुंच सकता है. वहीं इंदौर, उज्जैन, ग्वालियर और जबलपुर समेत कई शहरों में 40 से 41 डिग्री के बीच तापमान रहने का अनुमान है. इसके साथ ही भोपाल समेत 9 शहरों में रात का तापमान 23 से 26 डिग्री के बीच रहने की संभावना है, जिससे ‘वॉर्म नाइट’ की स्थिति बनी रहेगी.
22 से 24 अप्रैल तक लू का असर
22 से 24 अप्रैल के बीच प्रदेश के कई जिलों में लू का प्रभाव और तेज होने का अनुमान है. ग्वालियर, भिंड, दतिया, छतरपुर, सतना, रतलाम, झाबुआ, धार और अलीराजपुर जैसे इलाकों में तापमान 43 से 44 डिग्री या उससे अधिक जा सकता है. वहीं भोपाल, इंदौर, उज्जैन, जबलपुर सहित कई शहरों में पारा 40 से 42 डिग्री के बीच बना रहेगा, जिससे दिन के साथ-साथ रात में भी गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं.
ये भी पढे़ं- Heatwave in MP: एमपी में गर्मी के तेवर तेज! पारा 44 डिग्री के पार, IMD ने 16 जिलों में जारी किया हीटवेव का अलर्ट