ये कैसा इलाज? नर्मदापुरम में डॉक्टर की जगह अटेंडर ने कर दी ब्रेस्ट सर्जरी, ठगे हजारों रुपए
नर्मदापुरम की एक अस्पताल में अटेंडर ने ही कर दी महिला मरीज की सर्जरी
MP News: मध्य प्रदेश के नर्मदापुरम जिले की पिपरिया सिविल अस्पताल में बड़ी लापरवाही सामने आई है. यहां पर डॉक्टर की गैरमौजूदगी में अटेंडर ने ही एक महिला मरीज का ऑपरेशन कर दिया. इतना ही नहीं इलाज के नाम पर कई हजारों रुपए भी वसूल लिए. खुलासा तब हुआ, जब सर्जरी के बाद भी लगातार समस्या बनी रही. फिलहाल, अस्पताल प्रबंधन ने जांच के आदेश दिए हैं.
जानकारी के मुताबिक, महिला सिंगानामा गांव की रहने वाली है, जिसके स्तन में गांठ की समस्या थी. वह इलाज कराने के लिए पिपरिया सिविल अस्पताल पहुंची, लेकिन वहां पर सर्जन डॉक्टर सौम्य रघुवंशी मौजूद नहीं थे. डॉ. की गैर-मौजूदगी का फायदा उठाते हुए अटेंडर बरसाती लाल ने ही महिला का ऑपरेशन कर दिया. इसके लिए न तो किसी से परमिशन ली और न ही कोई पर्ची बनाई, सीधे ऑपरेशन शुरू कर दिया.
इलाज के नाम पर ऐंठे 10,000 रुपए
अटेंडर ने न सिर्फ ऑपरेशन किया, बल्कि मरीज से करीब 10,000 रुपए भी ऐंठ लिए. जब आशा कार्यकर्ता महिला के घर पहुंची और स्तनपान नहीं कराने की वजह पूछी तो महिला ने उन्हें अपनी समस्या बताई. जिसके बाद मामले का खुलासा हुआ. आशा कार्यकर्ता ने यह बात जब अस्पताल प्रबंधन को बताई, तो न सिर्फ अस्पताल में बल्कि, पूरे स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मच गया. नर्मदापुरम सीएमओ ने आरोपी अटेंडर को तत्काल प्रभाव से निलंबित करने के आदेश दिए हैं.
ये भी पढ़ेंः ‘गाड़ी में AC नहीं चलाता…’, जेब में प्याज लेकर क्यों घूम रहे ज्योतिरादित्य सिंधिया? Video
स्वास्थ्य व्यवस्था पर उठे सवाल
इस घटना ने स्वास्थ्य व्यवस्था पर सवाल खड़े करते हुए नई बहस छेड़ दी है. बड़ा सवाल यह है कि आखिर क्या अटेंडर के अलावा कोई अस्पताल में नहीं था, जो यह देख सके कि डॉ. नहीं बल्कि अटेंडर ने ऑपरेशन किया है. हालांकि, सूचना मिलते ही नर्मदापुरम सीएमएचओ ने अटेंडर को निलंबित कर दिया है. इसके साथ ही विभागीय जांच के भी आदेश दिए हैं. अब देखना यह होगा कि निलंबन के बाद आगे क्या कार्रवाई की जाती है.