MP News: साइबर ठगी का बड़ा खुलासा! पाकिस्‍तान से ऑपरेट हो रहा था लाखों की ठगी वाला गैंग, भोपाल से 4 आरोपी गिरफ्तार

MP News: कोटा साइबर थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 43.50 लाख रुपए की ठगी का पर्दाफाश किया है और इस मामले में भोपाल से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है.
Accused arrested from Bhopal

भोपाल से गिरफ्तार हुए आरोपी

MP News: सरहद पार पाकिस्तान से सिर्फ आतंकी गतिविधियां ही नहीं, बल्कि साइबर ठगी के नेटवर्क भी संचालित किए जा रहे हैं. कोटा साइबर थाना पुलिस ने एक बड़ी कार्रवाई करते हुए 43.50 लाख रुपए की ठगी का पर्दाफाश किया है और इस मामले में भोपाल से चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है. सिटी एसपी तेजस्वनी गौतम के मुताबिक, मुख्य आरोपी मोहम्मद अमजद उर्फ आर्यन अपने साथियों के साथ मिलकर एक अंतरराष्ट्रीय साइबर ठगी गिरोह चला रहा था, जिसके तार पाकिस्तान और दुबई तक जुड़े पाए गए हैं.

बुजुर्ग को बनाया निशाना

पुलिस के अनुसार, 8 दिसंबर को विज्ञान नगर के 75 वर्षीय एक बुजुर्ग ने शिकायत दर्ज कराई थी कि किसी ने परिचित बनकर उन्हें झांसे में लिया और अलग-अलग बैंक खातों में 43.50 लाख रुपए ट्रांसफर करवा लिए. शिकायत को गंभीरता से लेते हुए साइबर थाना पुलिस ने विशेष टीम बनाकर जांच शुरू की. जांच में सामने आया कि गिरोह का सरगना पाकिस्तान में बैठा है और मोहम्मद अमजद उससे सीधे संपर्क में रहता था.

व्हाट्सऐप से मिलते थे निर्देश

आरोपी व्हाट्सऐप के जरिए पाकिस्तान से निर्देश प्राप्त करता था और पूरे नेटवर्क को संचालित करता था. उसके सहयोगी राहुल पूर्वी, दीपक पूर्वी और विजय कुमार अपने और जान-पहचान के लोगों के नाम पर कई बैंक खाते खुलवाकर अमजद को उपलब्ध कराते थे. साथ ही एटीएम कार्ड, पासबुक और सिम कार्ड भी सौंप दिए जाते थे.

बरामदगी में बड़े खुलासे

पुलिस ने आरोपियों के पास से 7 मोबाइल फोन, एक लैपटॉप, 29 एटीएम और डेबिट कार्ड, 13 बैंक पासबुक, 10 चेक बुक और 2 लाख रुपए नकद बरामद किए हैं. जब्त किए गए इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में करोड़ों रुपए के लेनदेन के सबूत भी मिले हैं.

100 से अधिक खातों का इस्तेमाल

जांच में यह भी सामने आया कि गिरोह ने 100 से अधिक म्यूल खातों का इस्तेमाल किया, जिनमें कई खाते महिलाओं के नाम पर भी खुलवाए गए थे. ठगी की रकम खातों में जमा होने के बाद आरोपी एटीएम और चेक के माध्यम से पैसे निकालते और फिर सरगना के निर्देश पर अन्य खातों में ट्रांसफर कर देते थे. कुछ रकम दुबई भी भेजी जाती थी. तकनीकी विश्लेषण और बैंक डिटेल्स के आधार पर पुलिस ने भोपाल में दबिश देकर चारों आरोपियों को गिरफ्तार किया.

दतिया में एडवोकेट से ठगी

वहीं, दतिया में भी साइबर ठगी का एक और मामला सामने आया है, जहां ठगों ने एक वरिष्ठ एडवोकेट के मोबाइल का रिमोट एक्सेस हासिल कर उनके बैंक खाते से 12 लाख 56 हजार 74 रुपए निकाल लिए. बुंदेला कॉलोनी निवासी 63 वर्षीय एडवोकेट मंगल सिंह परमार ने शिकायत में बताया कि 15 अप्रैल की रात करीब 8 बजे से 11 बजे के बीच यह ठगी हुई. उन्हें इसकी जानकारी 17 अप्रैल को मिली, जिसके बाद उन्होंने तुरंत कोतवाली थाना में मामला दर्ज कराया. पुलिस ने केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है.

ये भी पढे़ं- MP News: चुनावी बहस में दो मामा ने मिलकर भांजे को मार डाला, कोर्ट ने 5 महीने में सुनाई सजा, दोनों हत्यारों को उम्रकैद

ज़रूर पढ़ें