अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं राष्ट्रपति, तैयारियों में जुटा प्रशासन

MP News: राष्‍ट्रपति के संभ‍ावित आगमन को देखते हुए जिले में सुरक्षा व्‍यवस्‍था से लेकर यातायात प्रबंधन समेत पूरे कार्यक्रम की रूपरेखा को लेकर बैठकों का दौर जारी है.
President Droupadi Murmu

राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू

MP News: जबलपुर में 21 जून को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के भव्‍य कार्यक्रम की तैयारियां तेज हो गई हैं. जानकारी के मुताबिक इस कार्यक्रम में भारत की राष्‍ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शामिल हो सकती हैं. कार्यक्रम में राष्‍ट्रपति के साथ प्रदेश के मुख्‍यमंत्री डॉ. मोहन यादव और राज्य सरकार के कई मंत्रीगण मौजूद रह सकते हैं. हाला‍ंकि राष्‍ट्रपति का दौरा अभी प्रस्‍तावित माना जा रहा है, लेकिन उनके आने की सूचना मिलने के बाद से प्रशासन ने तैयारियां शुरू कर दी हैं.

राष्‍ट्रपति के संभ‍ावित आगमन को देखते हुए जिले में सुरक्षा व्‍यवस्‍था से लेकर यातायात प्रबंधन समेत पूरे कार्यक्रम की रूपरेखा को लेकर बैठकों का दौर जारी है. प्रशासन इस कार्यक्रम को भव्‍य और व्‍यवस्थित रूप से आयोजित करने की तैयारी में जुटा गया है.

कार्यक्रम के लिए छात्र-छात्राओं को किया जा रहा प्रेरित

कार्यक्रम को भव्‍य बनाने के लिए इधर शिक्षा विभाग भी पूरी तरह से सक्रिय हो गया है. योग दिवस के इस कार्यक्रम में स्कूली बच्चों की अधिक से अधिक भागीदारी रहे इसके लिए स्कूलों के शिक्षकों और क्लास टीचर्स को व्हाट्सएप ग्रुपों में आधिकारिक रूप से विशेष संदेश भेजे जा रहे हैं. आयोजन के लिए शिक्षकों को निर्देश दिए गए हैं कि वे अपने-अपने स्कूलों के छात्र-छात्राओं को कार्यक्रम में शामिल होने के लिए प्रेरित करें और कार्यक्रम से जुड़ी जानकारी तत्काल सभी तक फॉरवर्ड करें.

कार्यक्रम में स्‍कूलों के बच्‍चों की भागीदारी अनिवार्य

कार्यक्रम को लेकर शिक्षा विभाग की ओर से जारी संदेश में बताया गया है कि 21 जून को राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर राष्ट्रपति का जबलपुर आगमन प्रस्तावित है. राष्‍ट्रपति के आगमन पर सभी स्कूलों के बच्चों की कार्यक्रम में भागीदारी अनिवार्य की गई है. इसके तहत स्कूलों में विशेष योग अभ्यास सत्र भी आयोजित किए जा रहे हैं. योग अभ्‍यास सत्र के लिए छात्रों को सुबह 6:30 बजे से 8 बजे तक विद्यालय में उपस्थित होकर योगाभ्यास करने के निर्देश दिए गए हैं, जिससे मुख्य आयोजन के दौरान अनुशासन और प्रोटोकॉल का पालन पूरी तरह से सुनिश्चित किया जा सके.

तैयारियों में जुटा प्रशासन

इस भव्‍य आयोजन के लिए कार्यक्रम स्थल को लेकर भी मंथन जारी है. राष्ट्रपति के हेलीकॉप्टर लैंडिंग के लिए शहर के गैरीसन ग्राउंड और ग्वारीघाट स्थित आयुर्वेदिक कॉलेज मैदान को हेलीकॉप्टर लैंडिंग के‍ लिए संभावित स्‍थान माना जा रहा है. वहीं जून के माह में मानसून की संभावना को देखते हुए वाटरप्रूफ डोम और अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी प्रशासन विचार कर रहा है.

आयोजन को लेकर बताया जा रहा है कि इस भव्य कार्यक्रम में हजारों स्कूली बच्चे, जनप्रतिनिधि, प्रशासनिक अधिकारी और शहर के गणमान्य नागरिक सामूहिक तरीके से योग करते नजर आएंगे. इस पूरे कार्यक्रम का मिनट-टू-मिनट शेड्यूल जल्द जारी होने की संभावना जताई जा रही है.

ये भी पढे़ं- International Yoga Day: कोलकाता में होगा अंतरराष्ट्रीय योग दिवस का भव्य आयोजन, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी होंगे शामिल

ज़रूर पढ़ें