लोकाभिव्यंजना अंतर्राष्ट्रीय संग्रहालय का मंत्री उइके ने किया शुभारंभ, वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से जुड़े सीएम मोहन यादव
केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्यमंत्री दुर्गादास उइके
उज्जैन: महाकाल की नगरी उज्जैन स्थित विज्ञान केंद्र एवं तारामंडल में अंतरराष्ट्रीय संग्रहालय सम्मेलन ‘लोकाभिव्यंजना’ का शुभारंभ केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्यमंत्री दुर्गादास उइके के मुख्य आतिथ्य में हुआ. शुभारंभ सत्र में मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का रिकॉर्डेड संदेश प्रसारित किया गया. मुख्यमंत्री यादव ने कहा कि पश्चिमी अवधारणा के कारण संग्रहालयों को अब तक प्राचीन कलावस्तुओं के प्रदर्शन केंद्र के रूप में देखा जाता रहा है, लेकिन मध्यप्रदेश जनजातीय संग्रहालय की स्थापना से संग्रहालयों के स्वरूप को जीवंत सांस्कृतिक परंपराओं और अनुभव यात्राओं से जोड़ने का प्रयास किया गया है.
उन्होंने कहा कि नर्मदा अंचल की सनातन संस्कृति एवं जनजातीय परंपराओं पर केंद्रित उज्जैन में वीर भारत संग्रहालय का निर्माण किया जा रहा है, जिसे सिंहस्थ-2028 तक साकार करने का प्रयास है. बैतूल में आरण्यक संग्रहालय तथा प्रदेश के विभिन्न जनजातीय अंचलों में जनजातीय देवलोक की स्थापना का संकल्प भी लिया गया है. उन्होंने प्रदेश में पुरातात्विक एवं जनजातीय संग्रहालयों के विस्तार पर बल देते हुए सफल आयोजन की शुभकामनाएं दीं. इस अवसर पर वीर भारत न्यास के न्यासी सचिव एवं मुख्यमंत्री के संस्कृति सलाहकार श्रीराम तिवारी को मध्यप्रदेश में संग्रहालय निर्माण एवं कला संवर्धन में विशिष्ट योगदान के लिए भारतीय संग्रहालय संघ द्वारा विशिष्ट सेवा सम्मान-2026 प्रदान किया गया.
आरण्यक संस्कृति के गुणात्मक पक्षों को भारतीय ज्ञान परंपरा में समाहित करने की आवश्यकता-उइके
केंद्रीय जनजातीय कार्य राज्य मंत्री श्री दुर्गादास उइके ने भारतीय सभ्यता के निर्माण में जनजातीय समाज के योगदान को रेखांकित करते हुए आरण्यक संस्कृति के गुणात्मक पक्षों को भारतीय ज्ञान परंपरा में समाहित करने की आवश्यकता बताई. उन्होंने कहा कि जनजातीय जीवन प्रकृति केंद्रित है और वन संस्कृति भारतीय ज्ञान एवं जीवन परंपरा का महत्वपूर्ण आधार रही है. भारतीय संग्रहालयों में जनजातीय स्वतंत्रता सेनानियों को स्थान देने की पहल सराहनीय है.भगवान श्रीराम ने भी जनजातीय संस्कृति और समाज को उच्च सम्मान एवं मान्यता प्रदान की थी. जनजातीय संस्कृति समन्वय, सह-अस्तित्व और प्रकृति के साथ सामंजस्य का संदेश देती है. इसे भारतीय सांस्कृतिक विरासत के अभिन्न अंग के रूप में संग्रहालयों में उचित स्थान मिलना चाहिए.

‘लोकाभिव्यंजना’ से ‘लोकाभिराम’ तक की यात्रा तय करना हमारा लक्ष्य-श्रीराम तिवारी
माननीय मुख्यमंत्रीजी के संस्कृति सलाहकार एवं वीर भारत न्यास के न्यासी सचिव श्रीराम तिवारी ने सत्र को संबोधित करते हुए कहा कि हमें मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव तथा केन्द्रीय जनजातीय कार्य मंत्री दुर्गादास उइके ने जनजातीय नजरिये एवं सहभागिता से रची गयी भारत की युगयुगीन सभ्यता को देखने पहचानने के लिए आरण्यक संग्रहालय की स्थापना के संकल्प के माध्यम से एक अनूठा अवसर प्रदान किया है. इस अवसर को हम भारत के यशस्वी प्रधानमंत्री के गहरे और सच्चे विचार की बगैर जनजातीय परंपरा के साक्षात्कार किये भारत के समृद्ध और गौरवशाली अतीत के ज्ञान-अज्ञात पहलुओं, उसके संस्कृति, इतिहास और परंपराओं को समझ ही नहीं सकते.
उन्होंने कहा कि नए युग के संग्रहालयों में प्रकृति और मानव समुदायों के जीवंत संबंधों तथा उनके कार्यों का चित्रण होना चाहिए.आदिवासी देवलोक संग्रहालयों को एक विशिष्ट एवं अनूठा स्वरूप प्रदान करता है.जनजातीय समाज के पारंपरिक तकनीकी ज्ञान, कौशल और जीवनोपयोगी अनुभवों को भी संग्रहालयों में समुचित स्थान दिया जाना चाहिए.‘लोकाभिव्यंजना’ से ‘लोकाभिराम’ तक की यात्रा तय करना हमारा लक्ष्य होना चाहिए, ताकि लोकजीवन की समृद्ध परंपराएँ व्यापक रूप में समाज के सामने आ सकें.
संग्रहालयों में पुरातात्विक धरोहरों के साथ-साथ जीवंत इतिहास को भी स्थान मिले-डॉ. मुकेश मिश्र
सत्र में दत्तोपंत ठेंगड़ी शोध संस्थान के निदेशक मुकेश मिश्र ने भारतीय दृष्टिकोण पर आधारित संग्रहालयों के विकास की आवश्यकता पर बल दिया. उन्होंने कहा कि संग्रहालयों में पुरातात्विक धरोहरों के साथ-साथ जीवंत इतिहास को भी स्थान मिलना चाहिए. स्थूल प्रदर्शनियों तक सीमित रहने के बजाय जीवंत कला एवं सांस्कृतिक परंपराओं को संग्रहालयों का हिस्सा बनाया जाना चाहिए. आज भारत को जन-संस्कृति पर आधारित संग्रहालयों का एक नया स्वरूप विकसित करने की आवश्यकता है. वर्तमान शोध पद्धतियां जनजातीय संस्कृति के व्यापक स्वरूप को समझने के लिए पर्याप्त नहीं हैं.इसके लिए शोधार्थियों को जनजातीय समाज के बीच जाकर उनके जीवन, परंपराओं और सांस्कृतिक व्यवहारों से प्रत्यक्ष रूप से जुड़ना होगा.
भारतीय संग्रहालयों के विकास में आगे आये युवा-प्रो. आनंद वर्धन
भारतीय संग्रहालय संघ के अध्यक्ष प्रो. आनंद वर्धन ने प्रस्तावित ‘युगे-युगीन भारत’ संग्रहालय में आरण्यक संस्कृति को समुचित स्थान देने पर बल दिया.उन्होंने कहा कि जनजातीय संस्कृति को उपयुक्त संदर्भ में स्थान दिया जाना चाहिए. युवा संग्रहालय विज्ञानी युगे-युगीन भारत संकल्पना को साकार करने में प्रतिभागी बनें.
प्रथम दिवस ‘भारत दृष्टि-भारत वैभव’ एवं ‘महाकवि कालिदास’ विषयों पर विशेष अकादमिक सत्र आयोजित हुए. प्रो. संजीव शर्मा एवं प्रो. बालकृष्ण शर्मा ने कालिदास के साहित्यिक अवदान पर विचार रखे.अंतरराष्ट्रीय विद्वानों लूसी गेस्ट, नायरा मर्कतचीन, मारिया सीमाशोवा, ओल्गा स्टारोस्तिना एवं पूर्व उच्चायुक्त मुकेश्वर चुन्नी ने भारतीय आध्यात्मिक दर्शन, नृत्य परंपरा, रूसी कला-संस्कृति तथा मॉरीशस में भारतीय सांस्कृतिक विरासत पर विचार साझा किए.
मध्यप्रदेश शासन, संस्कृति विभाग अंतर्गत वीर भारत न्यास, भारतीय संग्रहालय संघ एवं दत्तोपंत ठेंगड़ी शोध संस्थान, भोपाल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस तीन दिवसीय सम्मेलन में देश-विदेश के संग्रहालय विशेषज्ञों, कला संरक्षकों एवं विद्वानों ने सहभागिता की.



