उज्जैन की फेमस मिठाई में रेंग रहे थे कीड़े, ‘गुपचुप’ मिठाई का डिब्बा खोलते ही उड़े होश
मिठाई में रेंगते हुए कीड़े, उज्जैन
Ujjain Famous Sweet Worms: मध्य प्रदेश में बीते एक महीने से खाने पीने के चीजों में गड़बड़ी के मामले लगातार सामने आ रहे हैं. इंदौर, भोपाल और ग्वालियर के बाद अब नया मामला बाबा महाकाल की नगरी उज्जैन से सामने आया है. यहां पर एक ग्राहक ने मिठाई के डिब्बे में कीड़े निकलने की बात कही है. मामला सामने आते ही लोगों के बीच इसको लेकर तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं. आइए जानते है क्या है पूरा मामला.
कोयला फाटक क्षेत्र का मामला
दरअसल मामला उज्जैन के कोयला फाटक क्षेत्र का है. यहीं के निवासी चेतन शर्मा ने कोयला फाटक स्थित लाला श्री मिष्ठान भंडार से सोमवार सुबह यहां से 250 ग्राम गुपचुप मिठाई खरीदी और 170 रुपये का भुगतान भी किया. चेतन शर्मा ने घर पहुंचकर जब ‘गुपचुप’ मिठाई का डिब्बा खोला तो उसमे कीड़े रेंगते हुए दिखाई दिए. उनका दावा है कि मिठाई से खराब स्मैल भी आ रही थी.
ऑनलाइन की खाद्य विभाग को शिकायत
इसके बाद उन्होंने मिठाई तस्वीरें क्लिक की और ऑनलाइन तरीके से खाद्य विभाग को शिकायत दर्ज कराई. शिकायत मिलते ही खाद्य विभाग की टीम दुकान पर पहुंची. अधिकारियों ने दुकान के साथ-साथ मिठाई तैयार करने वाले कारखाने का भी इंस्पेक्शन किया. टीम ने शिकायत वाली मिठाई के सैंपल कलेक्ट किए जांच के लिए भेज दिया है.
खाद्य अधिकारी बसंत दत्त शर्मा के अनुसार, शिकायत में मिठाई में फंगस होने की बात कही गई है. उन्होंने बताया कि सैंपल जांच के लिए भेजा जाएगा और रिपोर्ट आने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी. इस पूरे मामले पर मिठाई के दुकान संचालक राजकुमार गुप्ता का भी बयान सामने आ गया है.
दुकान संचालक ने क्या कहा?
राजकुमार गुप्ता का कहना है कि जिस ट्रे से ग्राहक को मिठाई दी गई थी, उसकी जांच की गई है और ट्रे ठीक पाई गई है. उन्होंने कस्टमर से मिठाई दुकान पर लाने को कहा है. संचालक का कहना है कि मिठाई खराब पाए जाने पर उसे बदल दिया जाएगा या उसकी कीमत वापस कर दी जाएगी.
ये खबर भी जरूर पढ़ेंः ‘कहां टैक्स लगा है…?’ UPI चार्ज के सवाल पर BJP नेता रामकिशोर साहू का जवाब वायरल