MP News: महाकाल मंदिर में रील बनाना विधायक गोलू शुक्ला के बेटे को पड़ा महंगा, 1 साल के लिए VIP सुविधा पर रोक

Mahakal Mandir Ujjain: मंदिर प्रबंध समिति ने सख्त कार्रवाई करते हुए रुद्राक्ष शुक्ला के एक साल के लिए प्रोटोकॉल और वीआईपी सुविधाओं पर प्रतिबंध लगा दिया है. इस खबर को सबसे पहले विस्तार न्यूज़ ने प्रसारित किया था.
Ujjain mahakal mandir golu Shukla son reel viral action

बीजेपी विधायक गोलू शुक्ला के बेटे की रील वायरल होने के बाद एक्शन

Mahakal Mandir Ujjain: श्री महाकालेश्वर मंदिर में वीआईपी दर्शन के दौरान रील बनाना इंदौर के भाजपा विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला को महंगा पड़ गया. मंदिर प्रबंध समिति ने सख्त कार्रवाई करते हुए रुद्राक्ष शुक्ला के एक साल के लिए प्रोटोकॉल और वीआईपी सुविधाओं पर प्रतिबंध लगा दिया है. इस खबर को सबसे पहले विस्तार न्यूज़ ने प्रसारित किया था. खबर को प्रमुखता से दिखाए जाने के बाद तमाम मीडिया में यह मामला उठा और उसके बाद महाकाल प्रबंध समिति ने सख्त निर्णय लिय.

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, इंदौर विधानसभा क्षेत्र क्रमांक-3 से भाजपा विधायक गोलू शुक्ला के बेटे रुद्राक्ष शुक्ला का मंदिर परिसर में वीडियो बनाने का मामला सामने आया था. सोशल मीडिया पर एक रील वायरल हो रही है, जिसमें रुद्राक्ष शुक्ला अपने साथियों और समर्थकों के साथ मंदिर परिसर में जाते हुए दिखाई दे रहे हैं. उन्हें वीआईपी ट्रीटमेंट दिया जा रहा है.

मंदिर की ओर जाते वक्त गार्ड उनसे हाथ मिला रहे हैं. गर्भगृह के बाहर पहुंचकर वे पुजारी को चांदी द्वार से फूल-माला देते हैं, आरती करते हैं, मत्था टेकते हैं और पुजारी उन्हें जय श्री महाकाल वाला दुपट्टा पहनाते हैं. वहीं एक व्यक्ति उनके गले में कमल की माला पहनाता हुआ दिखता है. यह पूरा मामला कैमरे में कैद किया गया.

जिस जगह पर फोटो खींचने तक की पाबंदी है, वहां बिना रोक-टोक वीडियो रिकॉर्ड किया गया, पूरे मामले में मंदिर में मौजूद अधिकारियों-कर्मचारियों और सुरक्षा में तैनात गार्डों की लापरवाही सामने आई. जब इंस्टाग्राम पर रील वायरल हुई तो मामला संज्ञान में लिया गया और एक्शन हुआ.

सुरक्षा कंपनी पर 5 लाख का जुर्माना

मंदिर प्रशासक प्रथम कौशिक ने सुरक्षा कंपनी पर 5 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है. वहीं ड्यूटी में लापरवाही बरतने वाले तीन गार्डों को बर्खास्त कर दिया गया है.गौरतलब है कि कुछ दिन पहले अखिल भारतीय अखाड़ा परिषद के राष्ट्रीय अध्यक्ष महंत रवींद्र पुरी महाराज के फोटो शूट के दौरान मंदिर कर्मचारियों द्वारा उन्हें रोके जाने का मामला सामने आया था.

📺 Vistaar News Live TV