दिवाली से पहले Ujjain पुलिस ने 522 मालिकों को सौंपे लापता हुए फोन, 1 करोड़ से ज्यादा है कीमत
उज्जैन
Ujjain News: मध्यप्रदेश के उज्जैन जिले से बड़ी खबर आ रही है. उज्जैन पुलिस ने कई लोगों को बड़ी खुशखबरी दी है. दिवाली से पहले उज्जैन पुलिस ने सैकड़ों लोगों को एक खास तोहफा दिया है. जिन मोबाइल फोन के गुम होने के बाद लोगों ने उनके वापस मिलने की उम्मीद लगभग छोड़ दी थी, उन मोबाइल को उज्जैन पुलिस ने तलाश कर उनके असली मालिकों तक पहुंचा दिया है. इससे मोबाइल ओनरों में खुशी का माहौल है.
जब्त मोबाइल की कीमत 1 करोड़ रुपए
उज्जैन पुलिस ने एक साथ 522 गुम मोबाइल फोन बरामद किए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 1 करोड़ रुपए बताई जा रही है. पुलिस ने यह सफलता आधुनिक तकनीक और CEIR पोर्टल के मदद से हासिल की है. दिवाली से पहले पुलिस की इस पहल ने सैकड़ों परिवारों की खुशियां दोगुनी कर दी हैं. वहीं, एक वीडियो भी सामने आया है जिसमें मोबाइल ओनरों की खुशखबरी साफ देखने को मिल रही है.
पुलिस की बड़ी सफलता
गुम और चोरी हुए मोबाइल फोन की तलाश के लिए उज्जैन पुलिस लगातार विशेष अभियान चला रही है. पुलिस की आईटी सेल और साइबर टीम केंद्र सरकार के CEIR पोर्टल यानी सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर की मदद से फोन ढूंढ रही है. टीम मोबाइल के IMEI नंबर और तकनीकी डाटा का एनालिसिस कर लोकेशन ट्रेस करती है. लोकेशन मिलते ही दूसरे जिलों और राज्यों की पुलिस से संपर्क कर फोन बरामद किए जाते हैं.
3 साल में 2560 फोन बरामद
उज्जैन पुलिस का ट्रैक रिकॉर्ड इस मामले में काफी शानदार रहा है. आंकड़ों की बात करें तो साल 2023 से अब तक पुलिस कुल 2,560 गुम मोबाइल बरामद कर चुकी है, जिनकी कुल कीमत 5 करोड़ 5 लाख रुपये से अधिक है. सिर्फ 2026 की बात करें तो इस साल अब तक 928 फोन बरामद हुए हैं, जिनकी कीमत करीब 1 करोड़ 73 लाख रुपये है.
इनमें पहले बरामद 406 फोन और हाल ही में मिले 522 फोन शामिल हैं. नागरिकों ने भी दिखायी ईमानदारी इस अभियान में आम लोगों ने भी पुलिस का साथ दिया है. उज्जैन के नागरिकों ने खुद 57 गुम हुए मोबाइल ढूंढकर पुलिस को सौंपे हैं. पुलिस ने इसे जनता की जागरूकता और पुलिस पर बढ़ते भरोसे का उदाहरण बताया है.
ये भी पढ़ें-जबलपुर जिला अस्पताल में बड़ा एक्शन! OPD से गायब मिले डॉक्टर्स, सात को थमाया कारण बताओ नोटिस
पुलिस ने की अपील
उज्जैन पुलिस ने लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने पर तुरंत नजदीकी थाने में शिकायत दर्ज कराएं. साथ ही CEIR पोर्टल www.ceir.gov.in पर जाकर फोन को ब्लॉक करने के लिए आवेदन करें. अगर फोन वापस मिल जाए तो उसी पोर्टल से उसे अनब्लॉक करा लें ताकि दोबारा इस्तेमाल किया जा सके.