MP Weather Update: मार्च की शुरुआत में ही तपने लगा एमपी, अभी और चढ़ सकता है पारा, रंगपंचमी से पहले बारिश की संभावना
मौसम
MP Weather Update: मार्च के पहले ही दिन रविवार को मध्य प्रदेश में गर्मी ने असर दिखाना शुरू कर दिया. खासकर निमाड़ क्षेत्र में स्थित खरगोन में पारा 35.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया. राजधानी भोपाल सहित इंदौर, ग्वालियर, उज्जैन और जबलपुर जैसे बड़े शहरों में भी तेज धूप के कारण दिन गर्म रहा. मौसम विभाग का अनुमान है कि आने वाले चार दिनों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की और वृद्धि हो सकती है.
30 डिग्री के पार पहुंचा पारा
रविवार को पचमढ़ी को छोड़ दें तो प्रदेश के लगभग सभी शहरों में अधिकतम तापमान 30 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया. मार्च से मई के बीच सामान्य से ज्यादा गर्मी रहने की संभावना जताई गई है. दिन के साथ-साथ रात के तापमान में भी धीरे-धीरे बढ़ोतरी होगी. हालांकि लू का प्रकोप अप्रैल और मई में अधिक देखने को मिल सकता है.
तेज धूप से बढ़ा तापमान
पहले दिन आसमान साफ रहने और तेज धूप निकलने से तापमान में उछाल आया. धार, गुना, ग्वालियर, खंडवा, खरगोन, श्योपुर, खजुराहो, मंडला, नरसिंहपुर, सतना और सिवनी में अधिकतम तापमान 33 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया. वहीं शनिवार और रविवार की दरमियानी रात में भी तापमान में बढ़ोतरी देखी गई. जबलपुर में न्यूनतम तापमान 19.3 डिग्री और सतना में 18.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया. धार, नर्मदापुरम, श्योपुर, छिंदवाड़ा, मंडला, नरसिंहपुर, सागर, सिवनी, टीकमगढ़, उमरिया और मलाजखंड में भी रात का तापमान 17 डिग्री से अधिक रहा.
4 मार्च से बदलेगा मौसम
मौसम विभाग के अनुसार 4 मार्च से पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में एक नया पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय होने जा रहा है. इसका प्रभाव दो दिन बाद मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में दिखाई दे सकता है. रंगपंचमी के आसपास या उससे पहले कुछ जिलों में हल्की बारिश की संभावना जताई गई है. इस सिस्टम के असर से दिन और रात दोनों के तापमान में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है.
मार्च में तीनों मौसम का असर
पिछले एक दशक के आंकड़ों पर नजर डालें तो मार्च महीने में प्रदेश में तीनों तरह के मौसम का असर दिखाई देता है. दिन में गर्मी, रात में हल्की ठंड और बीच-बीच में बारिश का सिलसिला बना रहता है. इस बार भी कुछ ऐसा ही ट्रेंड देखने को मिल रहा है. अनुमान है कि भोपाल, इंदौर और उज्जैन में दिन का तापमान 40 डिग्री के पार जा सकता है, जबकि रात का पारा 10 से 17 डिग्री के बीच रह सकता है. ग्वालियर में मौसम में तेजी से बदलाव होता है और यहां रात का तापमान पहले 8 डिग्री तक भी पहुंच चुका है. जबलपुर में भी दिन में गर्मी और रात में हल्की ठंड का मिश्रित असर बना रहता है.
ये भी पढे़ं- MPPSC के पेपर में बड़ी लापरवाही, भोपाल के कमला नेहरू हायर सेकेंडरी स्कूल में बांटा गया सॉल्व क्वेश्चन पेपर