MP Weather Update: एमपी में बिगड़ा मौसम, 20 जिलों में आंधी और बारिश, कई जगह गिरे ओले, मार्च की शुरुआत में गिरेगा पानी

MP Weather Update: बीते दो दिनों के दौरान प्रदेश के 20 से अधिक जिलों में तेज आंधी और बारिश देखने को मिली, जबकि कुछ इलाकों में ओले भी गिरे.
weather forecast today

मौसम समाचार

MP Weather Update: मध्य प्रदेश में साइक्लोनिक सर्कुलेशन और ट्रफ लाइन के असर से मौसम का मिजाज लगातार बदल रहा है. बीते दो दिनों के दौरान प्रदेश के 20 से अधिक जिलों में तेज आंधी और बारिश देखने को मिली, जबकि कुछ इलाकों में ओले भी गिरे. इस असामान्य मौसम का असर गेहूं और चने की खड़ी फसलों पर पड़ा है, जिससे किसानों की चिंता बढ़ गई है. मौसम विभाग के अनुसार फिलहाल बुधवार को मौसम साफ रहने की संभावना है, लेकिन मार्च की शुरुआत में फिर से बारिश होने के संकेत मिल रहे हैं.

इन जिलों में बदला मौसम का मिजाज

मंगलवार को छिंदवाड़ा, सिवनी, बैतूल, पांढुर्णा, रतलाम, उज्जैन, बालाघाट, मंडला, खंडवा, सीहोर, रायसेन, इंदौर, अनूपपुर और डिंडौरी सहित कई जिलों में मौसम ने करवट ली. कहीं तेज हवाओं के साथ बारिश हुई तो कहीं ओलावृष्टि भी दर्ज की गई.

बीते 24 घंटों में यहां हुई बारिश

इससे पहले बीते 24 घंटों में श्योपुर, शिवपुरी, ग्वालियर, अलीराजपुर, बड़वानी, धार, अशोकनगर, टीकमगढ़, छतरपुर, पन्ना, सतना, मैहर, रीवा, मऊगंज, सीधी, सिंगरौली, दमोह, जबलपुर, मंडला और बालाघाट में हल्की बारिश रिकॉर्ड की गई. शिवपुरी, टीकमगढ़, छतरपुर, मैहर, सीधी और सिंगरौली में ओले गिरने की भी सूचना है.

27 फरवरी से सक्रिय होगा नया सिस्टम

मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि 27 फरवरी को पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय होने वाला एक पश्चिमी विक्षोभ प्रदेश के मौसम को फिर प्रभावित कर सकता है. इसका असर 1 और 2 मार्च को मध्य प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश के रूप में देखने को मिल सकता है.

फरवरी में चौथी बार बदला मौसम

फरवरी महीने में यह चौथा मौका है जब प्रदेश में बारिश और ओलावृष्टि का दौर देखने को मिला है. महीने की शुरुआत में ही दो बार आंधी-बारिश और ओले गिर चुके हैं, जिससे फसलों को काफी नुकसान हुआ था. इसके बाद सरकार ने प्रभावित क्षेत्रों में सर्वे भी कराया. 18 फरवरी से तीसरी बार मौसम बदला और 19 से 21 फरवरी तक कई जिलों में बारिश हुई. इसके बाद 23 और 24 फरवरी को फिर से कई इलाकों में तेज बारिश और ओले गिरे.

ठंड का असर हुआ कम

जहां बारिश हो रही है वहां दिन के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है, लेकिन प्रदेश के अन्य हिस्सों में पारा 30 डिग्री सेल्सियस के पार पहुंच चुका है. रात के समय भी ठंड का असर लगभग खत्म होता दिख रहा है. सोमवार और मंगलवार की रात प्रदेश के पांच बड़े शहरों में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस से ऊपर दर्ज किया गया.

पचमढ़ी सबसे ठंडा स्थान रहा, जहां न्यूनतम तापमान 10.8 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ. इसके अलावा मंदसौर में 10.9 डिग्री, शाजापुर में 11.5 डिग्री, चित्रकूट में 11.7 डिग्री, राजगढ़ में 12 डिग्री, खजुराहो में 12.2 डिग्री और दतिया में 12.3 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया.

ये भी पढे़ं- भोपाल मास्टर प्लान में देरी पर विधानसभा में घमासान; जयवर्धन सिंह के आरोप, मंत्री कैलाश विजयवर्गीय ने दिया जवाब

ज़रूर पढ़ें