MP के छात्रों को मिलेगी स्कॉलरशिप, BPL बच्चों की पढ़ाई होगी आसान, जानें किन्हें मिलेगा लाभ
Scholarship For MP BPL Students: मध्य प्रदेश सरकार ने हाल ही में प्रदेश के लाखों छात्रों के हित को ध्यान में रखते हुए एक नई पहल की शुरुआत की है. स्कूल शिक्षा विभाग ने आर्थिक रूप से कमजोर विद्यार्थियों के लिए नई स्कॉलरशिप योजना शुरू की है. इस खास योजना का लाभ उन विद्यार्थियों को होगा, जो आर्थिक रूप से कमजोर हैं और पैसों की तंगी के कारण अपनी आगे की पढ़ाई नहीं कर पाते हैं. ऐसे में आइए जानते हैं कि यह कौन-सी योजना है और इसका लाभ किसे मिलेगा.
प्रदेश में कई ऐसे विद्यार्थी हैं, जो आर्थिक तंगी के कारण अपनी पढ़ाई बीच में ही छोड़ देते हैं और उनका सपना अधूरा रह जाता है.
छात्रों की पढ़ाई के लिए सहायता राशि देने के लिए एमपी सरकार ने प्री-मैट्रिक स्कॉलरशिप योजना की शुरुआत की है.
इस योजना का लाभ खासकर उन छात्रों को मिलेगा जो कक्षा 9वीं और 10वीं में हैं और बीपीएल की कैटेगरी में आते हैं.
इस योजना के तहत पात्र छात्राओं को हर साल 400 रुपये और छात्रों को 300 रुपये की आर्थिक मदद मिलेगी.
योजना की यह राशि छात्र-छात्राओं के बैंक खाते में सीधे ट्रांसफर की जाती है, जिससे वे पेन, पेंसिल सहित पढ़ाई संबंधित जरूरतें पूरी कर सकें.
इस योजना का लाभ उन छात्रों को मिलेगा, जो एमपी के निवासी हैं और कक्षा 9वीं या 10वीं में पढ़ाई करते हैं.
इसके अलावा, विद्यार्थी सरकारी स्कूल में पढ़ाई करते हों और उनका नाम बीपीएल कार्ड में जुड़ा हो.
योजना के नियमों के अनुसार, छात्र के परिवार की कुल वार्षिक आय 1 लाख रुपये से कम होनी चाहिए, तभी योजना की राशि मिल सकेगी.
इस योजना का लाभ लेने के लिए पासपोर्ट साइज फोटो, आधार कार्ड, डोमिसाइल सर्टिफिकेट, बीपीएल प्रमाण पत्र या राशन कार्ड होना चाहिए.
इसके अलावा, आय प्रमाण पत्र, ओवरऑल आईडी, बैंक पासबुक जैसे डॉक्युमेंट्स की जरूरत होगी.
इस योजना का लाभ पाने के लिए पात्र छात्र अपने स्कूल के प्राचार्य से सीधा संपर्क कर सकते हैं.