टेस्ट डेब्यू में शतक से लेकर IPL के बड़े रिकॉर्ड तक, सुरेश रैना के नाम दर्ज हैं कई यादगार पारियां
Suresh Raina 40th Birthday Special: भारत के पूर्व विस्फोटक बल्लेबाज सुरेश रैना आज यानी 27 नवंबर को अपना 40वां जन्मदिन मना रहे हैं. टीम इंडिया के लिए मिडिल ऑर्डर में बल्लेबाजी करते हुए रैना ने अपने क्रिकेट करियर में कई बड़ी उपलब्धि हासिल की. अपनी आक्रामक बल्लेबाजी और शानदार फील्डिंग के लिए मशहूर रैना ने अपने क्रिकेट करियर में टेस्ट डेब्यू पर शतक जड़ने से लेकर आईपीएल में मिस्टर आईपीएल कहलाने तक कई यादगार पारियां खेली.
सुरेश रैना का जन्म 27 नवंबर 1986 को उत्तर प्रदेश के गाजियाबाद जिले के मुरादनगर में हुआ था. उन्होंने आईपीएल के शुरुआती कई सीजन में हर बार 300 से ज्यादा रन बनाए.
इसी निरंतरता के कारण उन्हें 'मिस्टर आईपीएल' कहा जाता है. उन्होंने कुल 205 आईपीएल मैच खेले हैं, जिसमें उन्होंने 5,528 रन बनाए. इस दौरान उनके बल्ले से 39 अर्धशतक और 1 शतक निकला.
रैना ने 2010 में श्रीलंका दौरे के दौरान अपना टेस्ट डेब्यू किया. अपने पहले ही टेस्ट मैच में उन्होंने शतक जड़कर इतिहास रच दिया. उस मैच में उन्हें युवराज सिंह के चोटिल होने के बाद डेब्यू का मौका मिला था.
आईपीएल 2014 के क्वालीफायर 2 मुकाबले में सुरेश रैना ने चेन्नई सुपर किंग्स की ओर से खेलते हुए किंग्स इलेवन पंजाब के खिलाफ 25 गेंदों में 12 चौके और 6 छक्के की मदद से 87 रन की पारी खेली थी.
2015 में वनडे वर्ल्ड कप के दौरान रैना ने ऑकलैंड में जिम्बाब्वे के खिलाफ 104 गेंदों में 110 रनों की नाबाद पारी खेली थी, जिसमें 9 चौके और 4 छक्के शामिल रहे. वर्ल्ड कप में यह उनका पहला शतक रहा.
2014 में इंग्लैंड के खिलाफ कार्डिफ में खेले गए दूसरे वनडे मैच में रैना ने 75 गेंदों में 100 रन की पारी खेली, जिसमें 12 चौके और 3 छक्के शामिल रहे.
वनडे वर्ल्ड कप 2011 के क्वार्टर फाइनल मुकाबले में रैना ने ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ 28 गेंदों में 34 रनों की नाबाद पारी खेलकर भारत को सेमीफाइनल में पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई.
वनडे वर्ल्ड कप 2011 के सेमीफाइनल में रैना ने मोहाली में पाकिस्तान के खिलाफ 36 रनों की नाबाद पारी खेलकर भारत को फाइनल में पहुंचाने में यहां भूमिका निभाई.