Akshaya Tritiya 2026: कब है अक्षय तृतीया? जानिए इस दिन सोना-चांदी खरीदना क्यों होता है शुभ
इस साल अक्षय तृतीया कब है
Akshaya Tritiya 2026: हिन्दू कैलेंडर के अनुसार, हर साल अक्षय तृतीया वैशाख मास के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि को मनाई जाती है. अक्षय तृतीया हिन्दू धर्म के सबसे पवित्र और शुभ संयोगों में से एक है. धर्म ग्रंथों के अनुसार, इस दिन किए गए पुण्य कार्य, दान, जप-तप और खरीदारी का शुभ परिणाम मिलता है. इसलिए इस दिन भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी की पूजा-अर्चना करना और नए काम की शुरुआत करना बहुत ही शुभ माना जाता है, जिससे भगवान विष्णु और माता लक्ष्मी का आशीर्वाद बना रहता है. ऐसे में आइए जानते हैं कि इस साल अक्षय तृतीया किस दिन है और इस दिन सोना-चांदी की खरीदारी करना क्यों शुभ माना जाता है.
अक्षय तृतीया का शुभ मुहूर्त
पंचांग के अनुसार, इस साल वैशाख माह के शुक्ल पक्ष की तृतीया तिथि 19 अप्रैल को है. इसी दिन अक्षय तृतीया का शुभारंभ सुबह 10 बजकर 48 मिनट पर होगा, जो अगले दिन 20 अप्रैल को सुबह 7 बजकर 27 मिनट पर समाप्त हो जाएगा. ऐसे में इस साल अक्षय तृतीया 19 अप्रैल को मनाई जाएगी.
अक्षय तृतीया के दिन सोना-चांदी खरीदने का शुभ समय
मान्यताओं के अनुसार, अक्षय तृतीया के दिन सोना-चांदी खरीदना बहुत ही शुभ माना जाता है. इस साल अक्षय तृतीया के दिन सोना-चांदी खरीदने का शुभ समय 19 अप्रैल को सुबह 10 बजकर 49 मिनट से लेकर अगले दिन यानी 20 अप्रैल को सुबह 5 बजकर 51 मिनट तक है. इस दौरान आप सोना-चांदी खरीद सकते हैं, जो कि आपके लिए बहुत ही शुभ होगा.
इस तिथि को सोना-चांदी खरीदना क्यों शुभ होता है?
मान्यताओं के अनुसार, अक्षय तृतीया के दिन सोना-चांदी खरीदना इसलिए शुभ माना जाता है, क्योंकि इस दिन को ‘अबूझ मुहूर्त’ भी माना जाता है. इसलिए इस दिन यदि आप कोई भी शुभ काम करते हैं, तो उसका परिणाम आपके पक्ष में होता है और उसका एक विशेष लाभ मिलता है, जो कभी समाप्त नहीं होता. इसके अलावा, शास्त्रों में यह भी कहा गया है कि इस दिन खरीदी गई संपत्ति का विस्तार होता है, यानी संपत्ति बढ़ती है और समृद्धि लाती है.
अक्षय तृतीया का दिन किसको समर्पित है?
वहीं धार्मिक ग्रंथों के अनुसार, अक्षय तृतीया का यह दिन धन की देवी कही जाने वाली मां लक्ष्मी और धन के देवता कुबेर को समर्पित है. इसलिए इस दिन सोना-चांदी की खरीदारी करना बहुत शुभ माना जाता है, जिससे घर में सुख-शांति और समृद्धि आती है.