Ganesh Chaturthi: 66 किलो गोल्ड, 335 किलो सिल्वर, 703 करोड़ का बीमा, ये हैं देश के सबसे अमीर गणपति
मुंबई: जीएसबी सेवा मंडल (सबसे अमीर गणपति)
Mumbai GSB Ganpati: गणेश उत्सव को लेकर तैयारियां पूरी हो चुकी हैं. इस साल 14 से 25 सितंबर तक गणेशोत्सव का आयोजन किया जाएगा. इस त्योहार को लेकर देश भर में उत्साह और उमंग का माहौल है. खासतौर से महाराष्ट्र राज्य में इस पर्व पर गजब का जोश देखने को मिलता है. यहां बड़े-बड़े पंडाल लगाए जाते हैं. लाखों और करोड़ों रुपये 10 दिनों के उत्सव के लिए खर्च कर दिए जाते हैं. मुंबई के किंग्स सर्किल में विराजित होने वाले जीएसबी सेवा मंडल गणपति पंडाल की चर्चा रहती है. इसकी गिनती देश से सबसे अमीर पंडालों में होती है.
703 करोड़ रुपये का इंश्योरेंस
इस साल GSB सेवा मंडल के पंडाल में स्थापित गणेश प्रतिमा का श्रृंगार 66 किलो सोने, 335 किलो चांदी और दूसरे कीमतों रत्नों से किया गया है. इसके साथ ही पंडाल के लिए 703 करोड़ का बीमा कराया गया है. ये बीमा बप्पा के कीमती गहनों, पंडाल, साज-सज्जा का सामान और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए किया गया है. रविवार (13 सितंबर) का भगवान गणेश का पहला मुखदर्शन हुआ. प्रथम पूज्य भगवान गणेश के दर्शन के लिए श्रद्धालु बड़ी संख्या में यहां पहुंच रहे हैं. गणेश चतुर्थी पर विशेष पूजा की जाएगी.
अन्नदान परंपरा भी निभाते हैं
इस पंडाल में केवल भव्यता और समृद्धि ही नहीं बल्कि सेवा भाव का भी ध्यान रखा जाता है. यहां हर दिन भक्तों के लिए अन्नदान किया जाता है. इसके अंतर्गत हजारों श्रद्धालुओं को रोज खाना खिलाया जाता है. मंडल समिति की ओर से अन्नदान के लिए FDA की गाइडलाइंस का पालन किया जाता है.
ये भी पढ़ें: Ganesh Chaturthi 2026: इस साल 10 नहीं 12 दिन चलेगा गणेशोत्सव, 9 साल बाद फिर बना खास संयोग
72 साल से गणेशोत्सव का आयोजन
जीएसबी यानी गौड़ सारस्वत ब्राह्मण मंडल की स्थापना साल 1951 में की गई थी. 1954 में पहली बार सार्वजनिक रूप से गणपति स्थापित किए गए. ये परंपरा आज भी जारी है. GSB सेवा मंडल द्वारा इस साल 72वां गणपति उत्सव मनाया जा रहा है. समय-समय के साथ भक्तों की संख्या और भव्यता-दिव्यता में वृद्धि होती गई. सबसे पहले 14 इंच के गणपति रखे गए थे और अब 14 फीट की मूर्ति स्थापित की जाती है.