सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में खेलते नजर आएंगे श्रेयस अय्यर, 30 नवंबर को इस टूर्नामेंट में दिखाएंगे दम
सूर्यकुमार यादव और श्रेयस अय्यर
Shreyas Iyer Plays Under Surya Captaincy: सैयद मुश्ताक आली ट्रॉफी 2026 के सुपर लीग स्टेज से पहले मुंबई की टीम से जुड़ी एक बड़ी खबर सामने आ रही है. भारतीय टी20 टीम के मौजूदा कप्तान श्रेयस अय्यर 30 नवंबर से नागपुर में शुरू हो रहे सुपर लीग मुकाबलों में मुंबई के लिए खेलते नजर आएंगे. इस दौरान अय्यर सूर्यकुमार यादव की कप्तानी में खेलते दिखेंगे. सूर्या की कप्तानी में मुंबई ने ग्रुप डी में अब तक खेले 7 में से 6 मैच जीत लिए हैं और टीम अंकतालिका में टॉप पर है. अपने दमदार प्रदर्शन के बदौलत मुंबई ने सुपर लीग स्टेज में जगह बनाई.
सूर्या करेंगे कप्तानी
टूर्नामेंट में श्रेयस अय्यर की वापसी के बावजूद मुंबई की कप्तानी में कोई बदलाव नहीं किया जाएगा. रिपोर्ट्स के मुताबिक, भारतीय पूर्व टी20 कप्तान सूर्यकुमार यादव ही टीम की कमान संभालेंगे. अय्यर की बात करें, तो अगले महीने श्रीलंका के खिलाफ होने वाली घरेलू व्हाइट-बॉल सीरीज से पहले मिले खाली समय का वह फायदा उठाना चाहते हैं और इसी लिए वह सैयद मुश्ताक आली ट्रॉफी 2026 के सुपर लीग स्टेज में खेलने उतर रहे हैं.
30 नवंबर को एक्शन में नजर आ सकते हैं श्रेयस अय्यर
भारतीय टी20 कप्तान श्रेयस अय्यर पिछले कुछ दिनों से मुंबई के ब्रेबोर्न स्टेडियम में जमकर प्रैक्टिस कर रहे थे और अब वह मुश्ताक आली ट्रॉफी के सुपर लीग स्टेज मुकाबले से पहले नागपुर में मुंबई के साथ जुड़ेंगे. रिपोर्ट्स के मुताबिक, अय्यर 30 नवंबर को नागपुर में होने वाली सुपर लीग ग्रुप-बी के मुकाबले में सूर्यकुमार यादव की कप्तानी वाली टीम में आंध्र प्रदेश के खिलाफ खेलते नजर आ सकते हैं.
श्रेयस अय्यर के आने से मुंबई की बल्लेबाजी को और मजबूती मिलेगी. टीम में अंगकृष रघुवंशी, सूर्यकुमार यादव, सरफराज खान, मुशीर खान और शिवम दुबे जैसे स्टार बल्लेबाज पहले से मौजूद हैं.वहीं, कप्तान सूर्यकुमार यादव इस टूर्नामेंट में जबरदस्त फॉर्म में नजर आ रहे हैं. ग्रुप स्टेज में उन्होंने शानदार प्रदर्शन करते हुए मुंबई के लिए सबसे ज्यादा रन बनाए. 5 पारियों में सूर्या के बल्ले से 53.50 की बेहतरीन औसत से 210 रन निकले. इस दौरान उनका स्ट्राइक रेट 230.10 का रहा.



