भारत-न्यूजीलैंड मैच पर थी सबकी नजर, उधर श्रीलंका ने पाकिस्तान को बुरी तरह हराया

Pakistan vs Sri Lanka: लाहौर के गद्दाफी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए ट्राई सीरीज के पांचवें वनडे मुकाबले में श्रीलंका ने पाकिस्तान को 8 विकेट से हरा दिया है.
Pakistan vs Sri Lanka

श्रीलंका ने पाकिस्तान को हराया

Pakistan vs Sri Lanka: क्रिकेट फैंस की नजरें जब भारत और न्यूजीलैंड के बीच खेले जा रहे तीसरे टी20 मैच पर टिकी हुई थी, उसी वक्त श्रीलंका की टीम ने पाकिस्तान को बुरी तरह हराकर सारी सुर्खियां बतौर ली. लाहौर के गद्दाफी क्रिकेट स्टेडियम में खेले गए ट्राई सीरीज के पांचवें वनडे मुकाबले में पाकिस्तानी टीम को श्रीलंका के हाथों 8 विकेट से करारी हार का सामना करना पड़ा है. पाकिस्तान की इस हार से इंग्लैंड की टीम फाइनल से बाहर हो गई है.

श्रीलंका ने पाकिस्तान को 8 विकेट से हराया

दरअसल पाकिस्तान की सरजमी पर इन दिनों श्रीलंका, इंग्लैंड और पाकिस्तान के बीच ट्राई सीरीज खेली जा रही है. इस वनडे सीरीज के पांचवें मुकाबले में श्रीलंका ने पाकिस्तान को 8 विकेट से हरा दिया है. मुकाबले की बात करें तो टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाक टीम महज 25.3 ओवर में 110 रनों पर ही सिमट गई.

श्रीलंकाई गेंदबाजों के सामने पाकिस्तान के बल्लेबाज पूरी तरह से बेबस नजर आए. पाकिस्तान की ओर से बाबर आजम से सबसे ज्यादा 29 रन बनाए. उनके अलावा कोई भी दूसरा बल्लेबाज ज्यादा देर तक क्रीज पर नहीं टिक पाया. जवाब में श्रीलंका की टीम ने शानदार बल्लेबाजी करते हुए 18.1 ओवर में ही 2 विकेट खोकर 114 रन बना दिए और 8 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया.

यह भी पढ़ें: T20 इंटरनेशनल में अर्शदीप स‍िंह का जलवा, NZ के खिलाफ कर ली वर्ल्ड रिकॉर्ड की बराबरी

दिलशान मदुशंका ने खोला पंजा

श्रीलंका की इस जीत के हीरो तेज गेंदबाज दिलशान मदुशंका रहे जिन्होंने पाकिस्तान की पूरी बैटिंग यूनिट की कमर तोड़ दी. इस मुकाबले में मदुशंका ने 8.3 ओवर में गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके. अपने स्पेल में उन्होंने कुल 34 रन खर्च किए. इस दौरान उनकी इकॉनमी 4.00 की रही. मदुशंका ने दमदार प्रदर्शन कर श्रीलंका की जीत में अहम भूमिका निभाई. अपनी घातक गेंदबाजी के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया.

श्रीलंका की फाइनल में एंट्री

पाकिस्तान के खिलाफ यह जीत दर्ज करने के साथ श्रीलंका की टीम इस वनडे ट्राई सीरीज के फाइनल में पहुंच गई हैं. वहीं, इंग्लैंड की टीम इस ट्राई सीरीज से बाहर हो गई है. श्रीलंका ने इस सीरीज में तीन में से 2 मैच जीते हैं. जबकि इंग्लैंड की टीम एक भी मैच जीतने में सफल नहीं रही.

ज़रूर पढ़ें