बाबा महाकाल के दर्शन करने पहुंचे युजवेंद्र चहल और नीतीश राणा, भस्म आरती में हुए शामिल
बाबा महाकाल के दर्शन करने पहुंचे भारतीय क्रिकेटर
Yuzvendra Chahal Nitish Rana Mahakal Darshan: टीम इंडिया के स्टार लेग स्पिनर युजवेंद्र चहल, नीतीश राणा और राहुल तेवतिया बुधवार 25 नवंबर की सुबह उज्जैन के श्री महाकालेश्वर ज्योतिर्लिंग मंदिर पहुंचे, जहां खिलाड़ियों ने बाबा महाकाल का आशीर्वाद लिया. रिपोर्ट्स के मुताबिक, ये सभी खिलाड़ी सुबह करीब 4 बजे मंदिर पहुंचे और भस्म आरती में शामिल हुए. उन्होंने दो घंटे तक नंदी हॉल में बैठकर भगवान की आराधना की. इस दौरान सभी खिलाड़ी महाकाल की भक्ति में लीन नजर आए.
भक्ति में लीन नजर आए खिलाड़ी
बाबा महाकाल की भस्म आरती के दौरान ये सभी खिलाड़ी भक्ति में लीन नजर आए. सभी ने हाथ जोड़कर महाकाल को नमन किया और मंत्र जाप किया. आरती के बाद खिलाड़ियों ने मंदिर की देहरी से भगवान का आशीर्वाद लिया. इस दौरान पुजारियों के माध्यम से जल अर्पित कर पूजा अर्चना भी की. दर्शन के बाद मंदिर समिति की ओर से सभी खिलाड़ियों का सम्मान किया गया.
#WATCH | Ujjain, Madhya Pradesh: Cricketers Yuzvendra Chahal, Nitish Rana, Rahul Tewatia and others offer prayers at Mahakaleshwar Temple and attend Bhasma Aarti. https://t.co/0bGc4ce4La
— ANI (@ANI) November 25, 2026
खिलाड़ियों ने दी प्रतिक्रिया
दर्शन के बाद नीतीश राणा ने कहा कि वे पहले भी कई बार बाबा महाकाल के दर्शन करने आ चुके हैं. जब भी वह किसी परेशानी में होते हैं, महाकाल के दरबार में नमन करने पहुंच जाते हैं. वहीं, चहल ने कहा कि करीब पांच महीने बाद बाबा महाकाल के दरबार में दोबारा आकार उन्हें बहुत अच्छा लग रहा है. यहां का माहौल हमेशा शानदार रहता है और हर बार उन्हें पोस्टिव एनर्जी मिलती है. इस दौरान उन्होंने मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्थाओं की भी तारीफ की.
पांच महीने बाद फिर महाकाल के दरबार पहुंचे चहल
खास बात यह है कि युजवेंद्र चहल करीब पांच महीने बाद एक बार फिर बाबा महाकाल के दर्शन करने पहुंचे हैं. इससे पहले जून 2026 में भी वह महकाल के दरबार पहुंचे थे. उस दौरान भी उन्होंने भस्म आरती में हिस्सा ली था. बता दें, चहल हाल ही में भारतीय जनता पार्टी में शामिल हुए हैं और उन्हें पार्टी के राष्ट्रीय ओबीसी मोर्चा की कार्यकारिणी में विशेष आमंत्रित सदस्य नियुक्त किया गया है.



