आजम खान की रिहाई से बढ़ेगी ओवैसी-चंद्रशेखर की टेंशन? यूपी चुनाव से पहले हलचल तेज
आजम खान और अखिलेश यादव (फाइल फोटो)
Owaisi Chandrashekhar Alliance Tension: यूपी चुनाव के लिए गिना-चुना समय ही बचा है. ऐसे में चुनाव से पहले चंद्रशेखर आजाद और अससुद्दीन ओवैसी की पार्टी ने गठबंधन कर समाजवादी पार्टी के लिए टेंशन खड़ी कर दी है. जो समाजवादी पार्टी के लिए बड़ी चुनौती है. अखिलेश यादव इस चुनौती से कैसे पार पाएंगे? आजम खान का कमाल यूपी चुनाव में दिखेगा या फिर मुस्लिम वोटर्स ओवैसी के साथ जाएंगे? आजम खान की रिहाई के बाद सूबे की हवा बदली-बदली नजर आने लगी है.
यूपी चुनाव से पहले आजम खान की रिहाई ने सूबे की राजनीति में नई हलचल पैदा कर दी है. क्योंकि जिन मुस्लिम वोटबैंक को लेकर चंद्रशेखर की आजाद समाज पार्टी और ओवैसी की AIMIM चुनावी मैदान में ताल ठोक रही है. उन्हीं वोटर्स पर सेंध लगाने के लिए आजम खान जेल से बाहर आ गए हैं. आजम खान की रिहाई से सभी दलों में सुगबुगाहट तेज हो गई है. उनकी रिहाई ओवैसी और चंद्रशेखर आजाद के दलित-मुस्लिम गठजोड़ और भाजपा की चुनावी रणनीति के लिए भी नए समीकरण खड़े कर रही है.
मुस्लिम वोटर्स को पाले में लाना बड़ी चुनौती
आजम भले ही चुनावी मैदान में खुद किस्मत न आजमा सकें, लेकिन सियासी गतिविधियों में सक्रिय होने के लिए स्वतंत्र हैं. उनकी रिहाई का समाजवादी पार्टी को फायदा मिल सकता है. हालांकि आजम खान की वापसी सूबे की सियासत में क्या गुल खिलाएगी? यह तो मतदाता ही तय करेंगे. बड़ा सवाल यह भी है कि क्या ओवैसी की एंट्री होने के बाद भी आजम खान मुस्लिम वोटर्स को अपने पाले में ला पाएंगे?
मुस्लिम वोटबैंक को साधने का प्रयास
आजम खान के जेल में रहने के दौरान उनके समर्थकों के बीच राजनीतिक अनिश्चितता बनी हुई थी. लेकिन अब ऐसा लग रहा है कि वह दूर हो सकती है. आजम खान का समाजवादी पार्टी में हमेशा से अच्छा-खासा वर्चस्व रहा है. कई ऐसी सीटे हैं, जहां आजम खान जिसको चाहते हैं समाजवादी पार्टी भी उसी के नाम पर सहमति बनाती है. 2027 के चुनाव से पहले आजम की वापसी सपा के मुस्लिम वोटबैंक को मजबूत बनाए रखने में मददगार साबित हो सकती है, लेकिन राजनीतिक चुनौती भी खड़ी होने की संभावना है. अब देखना यह होगा कि आजम खान सपा की नैया कैसे पार करा पाते हैं.



