‘चुनाव नहीं इंकलाब होगा, बदलाव नहीं सैलाब आएगा’, जेल से छूटते ही बोले आजम खान

UP Election 2027: आजम खान जब जेल से छूटकर बाहर आए तो इस दौरान उनके समर्थकों ने 'आजम खान जिंदाबाद' और 'देखो-देखो कौन आया, शेर आया-शेर आया' के नारे लगाए. जानें इस दौरान आजम खान ने क्या-कुछ कहा?
Azam Khan

आजम खान (File Photo)

Azam Khan Jail Release Statement: समाजवादी पार्टी के वरिष्ठ नेता आजम खान डासना जेल से रिहा हो गए हैं. जेल से छूटते ही रामपुर पहुंचे आजम खान ने भाजपा और जांच एजेंसियों पर तीखा हमला बोला. इस दौरान उन्होंने राजनीतिक हालात, भारतीय जनता पार्टी, जांच एजेंसियों और चुनावी राजनीति को लेकर खुलकर अपनी बात रखी और कहा कि अब चुनाव जाति और धर्म के नाम पर नहीं, बल्कि मुद्दों के आधार पर लड़ा जाएगा. जानें आजम खान ने क्या-कुछ कहा?

आजम खान ने कहा, ‘अगर मदन मोहन मालवीय और सर सैयद अहमद खान के समय में ED, CBI, I-T और डेवलपमेंट अथॉरिटी जैसी संस्थाएं होतीं, तो उन्हें भी जेल भेज दिया जाता. वे विश्वविद्यालय नहीं बना पाते. वे (बीजेपी) पूरी तरह साफ हो गए हैं. क्या आपने लोकसभा चुनाव के नतीजे नहीं देखे? क्या आपने विधान परिषद चुनाव के नतीजे नहीं देखे? उन्होंने जो सीटें जीतीं, वे गलत तरीके अपनाकर जीती हैं.’

क्या मैं माफिया हूं?: आजम खान

आजम खान ने आगे कहा, ‘चुनाव नहीं होगा, इंकलाब होगा. बदलाव नहीं होगा, सैलाब आएगा. अब लोग जाति या धर्म के नाम पर चुनाव नहीं लड़ेंगे. चुनाव मुद्दों पर आधारित होंगे. हम जैसे लोग संविधान के लिए जान देने को हमेशा तैयार रहते हैं. क्या मैं माफिया हूं? मैंने बच्चों के लिए स्कूल खोले, एक यूनिवर्सिटी बनाई. अगर ऐसा इंसान माफिया हो सकता है, अगर कोई ‘मुर्गी चोर’, ‘बकरी चोर’ या ‘भैंस चोर’ ED की नजर में दोषी हो सकता है, तो मैं ईश्वर से प्रार्थना करता हूं कि हर गली में एक ‘मुर्गी चोर’ हो, ताकि वह भी एक यूनिवर्सिटी बना सके. सभी संवैधानिक संस्थाओं को यह मान लेना चाहिए कि वे अपनी साख खो रही हैं. उन्हें अपनी साख बचानी चाहिए.’

अखिलेश यादव ने जताई खुशी

आजम खान जब जेल से छूटकर बाहर आए तो इस दौरान उनके समर्थकों ने ‘आजम खान जिंदाबाद’ और ‘देखो-देखो कौन आया, शेर आया-शेर आया’ के नारे लगाए. सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने भी आजम खान की रिहाई पर खुशी जताई है. उन्होंने सोशल मीडिया पर लिखा आजम खान की रिहाई से न्याय पर भरोसा और मजबूत हुआ है. बता दें, आजम खान भले ही जेल से बाहर आ चुके हैं, लेकिन वे विधानसभा चुनाव नहीं लड़ पाएंगे.

📺 Vistaar News Live TV

ज़रूर पढ़ें