Census 2027: जनगणना 2027 में साइबर ठगी पर लगेगी रोक, QR कोड से होगी कर्मचारियों की पहचान
जनगणना 2027 में ठगी पर लगेगी रोक
Census 2027: जनगणना 2027 के दौरान साइबर ठगी को रोकने के लिए जनगणना विभाग ने बड़ा कदम उठाया है. अब जनगणना करने आने वाले कर्मचारियों और पर्यवेक्षकों को QR कोड वाला पहचान पत्र दिया जाएगा. इससे लोग आसानी से उनकी पहचान जांच सकेंगे और किसी भी तरह की धोखाधड़ी से बच पाएंगे.
QR कोड स्कैन करते ही मिलेगी जानकारी
अधिकारियों ने बताया कि अगर किसी व्यक्ति को घर आए जनगणना कर्मी पर शक होता है, तो वह उससे पहचान पत्र और नियुक्ति पत्र दिखाने के लिए कह सकता है. इन दस्तावेजों पर मौजूद QR कोड को स्कैन करते ही कर्मचारी की असली जानकारी सामने आ जाएगी और उसकी पुष्टि की जा सकेगी.
कर्मचारियों को खास पहचान पत्र दिया जाएगा
16 मई से दिल्ली के MCD इलाकों में घर-घर जाकर जनगणना का काम शुरू होने जा रहा है. इसके लिए नियुक्त सभी कर्मचारियों को खास पहचान पत्र और नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे. इन दोनों दस्तावेजों में QR कोड की सुविधा होगी, ताकि लोग तुरंत उनकी जांच कर सकें.
सेल्फ एन्यूमरेशन प्रोसेस जारी
फिलहाल दिल्ली में सेल्फ एन्यूमरेशन की प्रोसेस चल रही है. सोमवार तक 93,521 लोगों ने खुद से अपनी जानकारी दर्ज की है. इनमें से 77,372 लोगों की प्रोसेस पूरी हो चुकी है, जबकि 16,149 आवेदन अभी शुरुआती चरण में हैं.
विभाग ने QR कोड क्यों लागू किया?
- हाल ही में साइबर ठगी के कई मामले सामने आए हैं, जिनमें अपराधियों ने नकली दस्तावेज और फर्जी डिजिटल वेरिफिकेशन का इस्तेमाल कर लोगों को ठगा.
- इसी वजह से जनगणना विभाग ने QR कोड आधारित सत्यापन व्यवस्था लागू करने का फैसला लिया है, ताकि लोग सुरक्षित रह सकें और फर्जीवाड़े पर रोक लगाई जा सके.