अभी मुफ्त सफर, जल्द देना होगा टोल! दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर कब से लगेगा पैसा?

Delhi Dehradun Expressway Toll Tax: दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेस वे आम लोगों के लिए खोल दिया गया है. हालांकि इस पर अभी किसी को भी टोल नहीं देना होगा. अध‍िकार‍ियों के मुताबिक इस प्रक्रिया को पूरा होने में एक हफ्ते से ज्यादा का समय लग सकता है.
दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर सफर अभी रहेगा फ्री

दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे पर सफर अभी रहेगा फ्री

Delhi Dehradun Expressway Toll Tax: राजधानी दिल्ली को उत्तराखंड की राजधानी से जोड़ने वाला हाई-स्पीड दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे आम लोगों के लिए खोल दिया गया है. करीब 213 किलोमीटर लंबे इस एक्सप्रेस वे का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने किया, जिससे अब दिल्ली से देहरादून की यात्रा लगभग ढाई घंटे में पूरी हो रही है. हालांकि, इस एक्सप्रेस वे पर सफर करने वालों के लिए राहत की बात यह है कि फिलहाल टोल टैक्स नहीं लिया जा रहा है.

अधिकारियों के मुताबिक, अभी टोल दर तय करने और वसूली के लिए एजेंसी नियुक्त करने की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है. नेशनल हाईवे अथॉरिटी के सूत्रों का कहना है कि टोल कलेक्शन के लिए जल्द ही टेंडर जारी किए जाएंगे. इसके बाद एजेंसी का चयन होगा और फिर टोल वसूली शुरू की जाएगी.

अध‍िकार‍ियों की मानें तो इस पूरी प्रक्रिया में कम से कम एक हफ्ते या उससे ज्यादा समय लग सकता है. तब तक वाहन चालकों को बिना टोल दिए सफर करने का मौका मिलेगा. मतलब यह कि अगर आप भी घूमने का प्‍लान बना रहे हैं तो इस हफ्ते बना लीजिए. थोड़ा सस्ता पड़ेगा.

दिल्ली वालों को मिल सकती है राहत

एक्सप्रेसवे का अक्षरधाम से लोनी बॉर्डर तक का हिस्सा भविष्य में भी टोल-फ्री रहने की संभावना है, जिससे दिल्ली और गाजियाबाद के रोजाना सफर करने वालों को बड़ी राहत मिलेगी. हालांकि इसको लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. ऐसा होगा तो दिल्ली वालों के लिए काफी राहत देने वाला फैसला होगा.

कितना रह सकता है टोल

जहां तक टोल दरों की बात है, अनुमान है कि प्रति किलोमीटर करीब 3.17 रुपये तक शुल्क लग सकता है. यह दर अन्य एक्सप्रेसवे की तुलना में ज्यादा हो सकती है, क्योंकि यह मार्ग छह लेन का है और शिवालिक पहाड़ियों से गुजरता है. इसके निर्माण में आधुनिक तकनीक और जटिल इंजीनियरिंग का इस्तेमाल किया गया है, जिस पर करीब 12,000 करोड़ रुपये खर्च हुए हैं.

कुल मिलाकर, अभी कुछ दिनों तक इस एक्सप्रेसवे पर सफर पूरी तरह मुफ्त रहेगा, लेकिन जल्द ही टोल लागू होने की तैयारी है. इस एक्सप्रेस वे की शुरुआत से उत्तराखंड के लिए बहुत राहत हो रही है.

ये भी पढ़ें: PM मोदी ने दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का किया उद्घाटन, ढाई घंटे में पूरा होगा 6 Hrs का सफर

ज़रूर पढ़ें