सिर्फ एक LPG सिलिंडर दीजिए और महीने भर फ्री बिरयानी का लुत्फ उठाइए, गैस किल्लत के बीच रेस्टोरेंट का दिलचस्प ऑफर
एलपीजी का एक सिलेंडर देने पर महीने भर के लिए फ्री बिरयानी मिलेगी.
Biryani offer on LPG cylinder: मिडिल ईस्ट में चल रहे युद्ध का असर पूरी दुनिया पर पड़ रहा है. भारत में भी गैस सिलेंडर की दिक्कत शुरू हो गई है. कमर्शियल के साथ ही घरेलू गैस के लिए लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. कई जगहों पर एलपीजी गैस के लिए लोगों की लंबी-लंबी लाइनें देखने को मिली. वहीं इस बीच रेस्टोरेंट ने बड़ा दिलचस्प ऑफर दिया है. जिसकी हर तरफ चर्चा हो रही है. यह ऑफर कुछ यूं है कि अगर आप एक गैस सिलेंडर लेकर रेस्टोरेंट को देते हैं, तो आपको महीने भर मटन, चिकन बिरयानी फ्री में खाने को मिलेगी. नॉनवेज खाने वाला हर व्यक्ति इस ऑफर को सुनकर ‘अरे वाह’ कह रहा है.
‘खाना बनाने में मदद करिए, हम आपको खाना खिलाएंगे’
खाड़ी के देशों में युद्ध के कारण होटलों और रेस्टोरेंट में गैस सिलेंडर की सप्लाई बाधित हो गई है. कई रेस्टोरेंट और ढाबे बंद हो गए, जबकि कई बड़ी मुश्किल से सर्वाइव कर रहे हैं. वहीं ऐसे में होसुर स्थित ईरोड अम्मायी मेस (Erode Ammayi Mess) ने फूड लवर को एक जबरदस्त ऑफर दिया है. ईरोड अम्मायी मेस ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट शेयर की है, जिसमें उन्होंने लिखा है, ‘हमको खाना बनाने में मदद करिए, हम आपको खाना खिलाएंगे’.
पुराने ग्राहकों ने ही सुझाई तरकीब
ईरोड अम्मायी मेस के गैस सिलेंडर के बदले महीने भर बिरयानी देने के ऑफर की हर जगह चर्चा की जा रही है. रेस्टोरेंट के मैनेजर अशोक ने जानकारी देते हुए बताया कि गैस सिलेंडर के बदले बिरयानी की तरकीब रेस्टोरेंट के मैनेजमेंट या फिर किसी कर्मचारी की नहीं है, बल्कि ये तरकीब पुराने ग्राहकों ने ही सुझाई है. मैनेजर ने बताया कि सिलेंडर की गैस इस्तेमाल करने के बाद खाली सिलेंडर ग्राहकों को वापस कर दिया जाता है.
ग्राहकों ने सिलेंडर दिया लेकिन महीने भर फ्री में बिरयानी नहीं खाई
ईरोड अम्मायी मेस के ऑफर के बाद पिछले 15 दिनों में अब तक 6 लोग गैस सिलेंडर लेकर आए हैं. लेकिन उन्होंने महीने भर बिरयानी नहीं खाई, बल्कि कुछ ही बिरयानी का लुत्फ लिया और फिर आना बंद कर दिया. मैनजर का कहना है कि दरअसल वो लोग फ्री बिरयानी की वजह से सिलेंडर लेकर नहीं आए थे, बल्कि वे इस बुरे समय में मदद की भावना से एलपीजी सिलेंडर देने आए थे.
ये भी पढे़ं: बिना गैस के चैत्र नवरात्रि पर ऐसे बनाएं सूजी का हलवा, जानिए आसान तरीका