घर बैठे मोबाइल से कैसे भरें जनगणना 2027 का फॉर्म? जानिए स्टेप-बाय-स्टेप आसान तरीका

India Census 2027: 1 अप्रैल से जनगणना का पहला चरण शुरू हो गया है, जिसमें घरों की गिनती और उनकी जानकारी (HLO) जुटाई जा रही है. इस बार सबसे खास बदलाव 'सेल्फ-एन्युमरेशन' की सुविधा है, जिसका मतलब है कि अब लोग अपनी जानकारी खुद ऑनलाइन भर सकते हैं.
India Census 2027

मोबाइल से जनगणना फॉर कैसे भरें

India Census 2027: भारत में जनगणना (Census) एक बहुत बड़ी प्रक्रिया है, जिसे अब और भी आसान बनाया जा रहा है. साल 2027 की जनगणना के साथ एक नया बदलाव आ रहा है. अब जनगणना पूरी तरह से डिजिटल होगी. इसका सबसे बड़ा फायदा यह है कि अब आपको जानकारी देने के लिए जनगणना अधिकारी का घर आने का इंतज़ार नहीं करना पड़ेगा. आप खुद ही ऑनलाइन अपनी डिटेल्स भर सकेंगे.

1 अप्रैल से जनगणना का पहला चरण शुरू

1 अप्रैल से जनगणना का पहला चरण शुरू हो गया है, जिसमें घरों की गिनती और उनकी जानकारी (HLO) जुटाई जा रही है. इस बार सबसे खास बदलाव ‘सेल्फ-एन्युमरेशन’ की सुविधा है, जिसका मतलब है कि अब लोग अपनी जानकारी खुद ऑनलाइन भर सकते हैं. इससे पहले ऐसा कभी नहीं हुआ था और इस नई सुविधा से लोगों का समय बचेगा और उन्हें काफी आसानी भी होगी.

सेल्फ-एन्युमरेशन क्या है?

सेल्फ-एन्युमरेशन एक ऐसी ऑनलाइन सुविधा है, जिसके जरिए आप घर बैठे अपनी पसंद की 16 भाषाओं में परिवार और मकान की जानकारी भर सकते हैं. इसका बड़ा फायदा यह है कि आपको जल्दबाजी नहीं करनी होगी और जब अधिकारी आपके घर आएंगे, तो बस एक आईडी (ID) दिखाकर आपका काम मिनटों में पूरा हो जाएगा.

जानिए स्टेप-बाय-स्टेप फॉर्म भरने का तरीका

  • सबसे पहले आप https://se.census.gov.in पोर्टल पर जाएं, इसमें आपको लगभग 15-20 मिनट लगेंगे.
  • फिर परिवार के मुखिया का नाम भरें, ध्यान रहे कि इसे बाद में बदला नहीं जा सकेगा.
  • इसके बाद अपनी पसंद की भाषा चुनें.
  • अपना मोबाइल नंबर डालें और उसे OTP के ज़रिए वेरिफाई करें.
  • अपना ज़िला, पिन कोड और अपने इलाके या किसी लैंडमार्क का नाम लिखकर “Search” पर क्लिक करें.
  • डिजिटल मैप पर ‘रेड मार्कर’ को हिलाकर अपने घर की सही लोकेशन सेट करें.
  • घर से जुड़े सवालों के जवाब भरें. आप इसे ड्राफ्ट में सेव भी कर सकते हैं और बाद में फाइनल सबमिट कर सकते हैं.
  • सबमिट करने के बाद मिलने वाली 11 अंकों की SE ID को सेव कर लें या उसका स्क्रीनशॉट ले लें.
  • जब जनगणना अधिकारी आपके घर आए, तो उन्हें अपनी यह SE ID दिखाएं.
  • अगर आपकी ID अधिकारी के सिस्टम से मैच हो जाती है, तो आपकी जानकारी कन्फर्म मान ली जाएगी नहीं तो अधिकारी दोबारा डेटा दर्ज करेंगे.

इन राज्यों में शुरू हुई डिजिटल जनगणना

डिजिटल जनगणना का पहला चरण फिलहाल 8 राज्यों और केंद्र शासित प्रदेशों में शुरू हो चुका है. इनमें गोवा, कर्नाटक, ओडिशा, सिक्किम, मिजोरम, लक्षद्वीप, अंडमान और निकोबार के साथ-साथ नई दिल्ली के क्षेत्र (NDMC और दिल्ली कैंट) शामिल हैं. सरकारी रिपोर्ट के अनुसार, शुरुआत के पहले ही दिन देशभर के लगभग 55,000 परिवारों ने इस नई ‘सेल्फ-एन्युमरेशन’ सुविधा का इस्तेमाल कर अपनी जानकारी ऑनलाइन दर्ज की है.

ज़रूर पढ़ें